
यूक्रेन की मदद के लिए दुनियाभर से उठे हाथ
हेल्सिंकी/फिनलैंड-11 मार्च। रूस के आक्रमण से दहल रहे यूक्रेन की मदद को दुनियाभर से हाथ उठे हैं। कोई हथियार,कोई पैसा,कोई खाद्य सामग्री तो कोई दवाएं भेजकर संकट में घिरे यूक्रेन के नागरिकों और राष्ट्रपति जेलेंस्की की मदद कर रहा है।
फिनलैंड की युवा प्रधानमंत्री सना मारीन ने कहा है कि वह 2,500 असॉल्ट राइफल्स, 1.50 लाख बुलेट्स, 1,500 एंटी टैंक हथियार और 70 हजार फूड पैकेट्स यूक्रेन भेजेंगी। 30 साल की उम्र में सांसद बनने वालीं सना 33 साल में देश की प्रधानमंत्री बन गई थीं।
अमेरिकन स्टार गीगी हदीद ने फैशन वीक फाल 2022 (फैशन शो) से होने वाली आय को यूक्रेन को दान करने की घोषणा की है। गीगा हदीद ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘मैं यूक्रेन में युद्ध से पीड़ित लोगों की मदद करने के लिए फॉल 2022 फैशन शो से होने वाली अपनी कमाई दान करूंगी। साथ ही फिलिस्तीन को भी मदद जारी रखूंगी। गीगी ने मॉडल मीका अर्गानाराजू से प्रेरित होकर यह फैसला किया है।’
यूक्रेन मूल की अमेरिकी एक्ट्रेस मिला कुनिस और उनके पति एश्टन कचर भी आगे आए हैं। उन्होंने GoFundMe नाम से अभियान शुरू किया है। कुनिस ने कहा है- ‘मुझे गर्व है कि मैं यूक्रेन में पैदा हुई हूं। मैं यहां के लोगों की मदद करूंगी। मैं तीन मिलियन तक की राशि भेजूंगी।
पूर्व टेलीविजन स्टार बेथेनी फ्रेंकल ने यूक्रेन हमले के पीड़ितों को 10 मिलियन डॉलर की सहायता राशि भेजी है। उन्होंने कहा है कि यूक्रेन में रूसी हमले की चपेट में आए लोगों की मदद के लिए चलाए जा रहे राहत प्रयासों के तहत 25 मिलियन डॉलर जुटाए हैं। फ्रेंकल ने इंस्टाग्राम स्टोरी वीडियो में कहा- “हम इन लोगों (युद्ध पीड़ितों) को ठहरने के लिए अलग-अलग कंपनियों, खाद्य कंपनियों, लॉजिंग कंपनियों के साथ साझेदारी कर रहे हैं। इसकी घोषणा बाद में की जाएगी।” इसके अलावा ट्रेनों और विमानों के लिए ट्रैवल कंपनियों के साथ सामान भेजने के लिए भागीदारी की है।
हॉलीवुड एक्टर लियोनार्डो डिकैप्रियो ने 10 मिलियन यूएस डॉलर की मदद की है। इसके अलावा दुनिया के 30 से ज्यादा संस्थान यूक्रेन की मदद के लिए आगे आए हैं। इनमें यूनिसेफ यूएसए, इंटरनेशनल मेडिकल कॉर्प, हर्ट टू हर्ट इंटरनेशनल, एमईआरसीवाई कॉर्प्स, वर्ल्ड विजन और प्रोजेक्ट होप आदि प्रमुख हैं।
किसने क्या मदद कीः गूगल ने यूक्रेन को 15 मिलियन डॉलर की राहत राशि दी है। पोलैंड ने 27 टन चिकित्सा सामग्री की आपूर्ति की है। अमेरिका ने 600 मिलियन डॉलर देने का ऐलान किया है। फ्रांस ने 300 मिलियन यूरो और हथियार भेजे हैं। स्वीडन ने 5000 एंटी टैंक रॉकेट्स देने का ऐलान किया है। स्वीडन ने 1.35 लाख फील्ड राशन, 5 हजार हेलमेट और 5 हजार बॉडी आर्मर भेजे हैं।
इसके अलावा कनाडा ने 50 करोड़ डॉलर की मदद दी है। नीदरलैंड ने 200 एंटी एयरक्राफ्ट मिसाइल भेजने का ऐलान किया है। जर्मनी ने 1,000 एंटी टैंक हथियार, 500 मिसाइल और 9 होवित्जर तोप भेजी हैं। बेल्जियम, नीदरलैंड, चेक रिपब्लिक, पुर्तगाल, ग्रीस, रोमानिया, इटली, तुर्की, स्विटजरलैंड ने भी यूक्रेन की मदद करने की घोषणा की है।



