
फिलिस्तीन में भारतीय राजदूत की मौत को विदेश मंत्रालय ने बताया प्राकृतिक
नई दिल्ली- 08 मार्च। फिलिस्तीन के रमल्ला स्थित भारतीय दूतावास में तैनात भारत के राजदूत मुकुल आर्य के निधन पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि उनकी मौत प्राकृतिक है।
मंगलवार देर शाम विदेश मंत्रालय ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए अपने एक बयान में कहा कि मुकुल आर्य की प्राकृतिक कारणों से मौत हुई है। रमल्ला में भारत के प्रतिनिधि आर्य की मौत के संबंध में पत्रकारों के सवालों के जवाब में आधिकारिक प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि मुकुल आर्य के निधन को लेकर कुछ गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां देखी। उनका प्राकृतिक कारणों से निधन हुआ है। हम आग्रह करते हैं कि एक युवा राजनयिक के दुखद निधन पर शालीनता और सम्मान के साथ व्यवहार किया जाए।
उल्लेखनीय है कि मुकुल आर्य सोमवार को फिलिस्तीन में भारतीय दूतावास में मृत पाए गए थे। बागची ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर मुकुल आर्य के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया था।



