
यूक्रेन ने रूस, बेलारूस में मानवीय गलियारा खोलने के मास्को के प्रस्ताव को किया खारिज
कीव (यूक्रेन)- 07 मार्च। यूक्रेन ने रूस और बेलारूस के रास्ते मानवीय गलियारों को खोलने के मास्को के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। कीव ने इसे अनैतिक बताया है।
यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री इरीना वीरेशचुक ने ब्रीफिंग में कहा कि मानवीय गलियारों को खोलने के लिए यह एक अस्वीकार्य विकल्प है। रूस के प्रस्ताव के अनुसार, कीव और उसके उपनगरों से जाने वाले नागरिकों के लिए एकमात्र विकल्प पड़ोसी बेलारूस में गोमेल जाना होगा। इसका मतलब यह होगा कि पूर्वी यूक्रेन में खार्किव और सूमी में नागरिकों को रूसी शहर बेलगोरोड के रास्ते से गुजरना होगा।
उल्लेखनीय है कि बेलारूस रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का प्रमुख सहयोगी है और आक्रमण के लिए लॉन्चिंग ग्राउंड के रूप में कार्य करता है। यूक्रेन मारियुपोल के दक्षिणी बंदरगाह सहित आठ मानवीय गलियारों का प्रस्ताव कर रहा है। यह प्रस्ताव नागरिकों को यूक्रेन के पश्चिमी क्षेत्रों की यात्रा करने की अनुमति देता है। यहां अभी तक शांति है।



