
BIHAR:- सीओ के पास आय से 81 प्रतिशत अधिक संपत्ति
पटना- 25 फरवरी। बालू के अवैध खनन में संलिप्त रहे राजस्व अंचल अधिकारी (सीओ) विजय कुमार सिंह के दो ठिकानों पर शुक्रवार को आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) ने एक साथ छापेमारी की। आय से 81 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने के बाद सीओ विजय सिंह के पटना और आरा स्थित दो ठिकानों पर ईओयू ने छापेमारी की। पटना जिले में कई जमीन के अलावा बैंकों में भारी-भरकम राशि जमा होने की बात सामने आई है।
बिहटा व दानापुर में हैं सभी प्लॉट—
ईओयू के मुताबिक विजय कुमार सिंह ने अपने नाम पर बिहटा में 6.25 डिसमिल आवासीय भूखंड खरीद रखा है। वहीं वर्ष 1998 में पत्नी के नाम पर दानापुर के चित्रकुट नगर में 4.68 डिसमिल (75000 कीमत), दानापुर के शाहटोली में 438 वर्गफीट का भूखंड (28000 कीमत) और गोला रोड में एक कट्ठा में बना आवासीय मकान भी है। गोला रोड वाले मकान की अनुमानित क्रय मूल्य 18 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं इन भूखंडों की खरीद में 95880 रुपये निबंधन शुल्क के तौर पर खर्च किए गए।
जांच के दौरान ईओयू को इनकी पत्नी और अन्य परिजनों के नाम पांच बैंकों में मौजूद कई खातों में भारी राशि जमा होने का पता चला है। आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद ईओयू ने आज गोला रोड के लेन नम्बर-3, रंजन पथ स्थित मकान के अलावा आरा के अनाईठ स्थित पैतृक घर की तलाशी ली। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए, जिसकी छानबीन की जा रही है।
विजय कुमार सिंह वर्ष 1990 में नौकरी में आए। बिहटा से पहले ये बक्सर के डुमरांव और गया, नगर के अंचलाधिकारी भी रहे हैं। फिलहाल वह निलंबित हैं। ईओयू के मुताबिक विजय कुमार सिंह की अनुमानित आय 1,17,66,735 रुपये है जबकि इनके पास 1,05,20,636 रुपये की आय से अधिक संपत्ति मिली है। यह इनके वैध श्रोतों से 81 प्रतिशत अधिक है।



