
NEPAL:- भारत से मिले 184 अरब रुपये के ऋण का इस्तेमाल परियोजनाओं की प्रगति के आधार पर होगा: वित्त मंत्री
काठमांडू, 24 नवंबर। नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले ने कहा है कि भारत से रियायती ऋण के रूप में मिलने वाले 184 अरब नेपाली रुपये का इस्तेमाल जरूरत और परियोजनाओं के निर्माण की प्रगति के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए भारत की ओर से उपलब्ध कराई गई राशि ‘लाइन ऑफ क्रेडिट’ (ऋण सुविधा) के रूप में होगी।
प्रतिनिधि सभा की अर्थ समिति की बैठक में मंगलवार को भारत यात्रा के दौरान हुए समझौतों और सहमतियों को लेकर सांसदों के सवालों का जवाब देते हुए वित्त मंत्री वाग्ले ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नेपाल को भारत से 56 अरब रुपये अनुदान और 184 अरब रुपये की लाइन ऑफ क्रेडिट के रूप में वित्तीय सहायता मिलेगी। इससे नेपाल के बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र के विकास के लिए वित्तीय संसाधनों की कमी नहीं होगी।
वाग्ले के मुताबिक नेपाल में करीब 40 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता है। इस संभावना को साकार करने के लिए बड़े निवेश की आवश्यकता होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत के साथ 184 अरब रुपये की ऋण सुविधा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत यात्रा के दौरान नेपाल ने आर्थिक सहयोग के साथ कई महत्वपूर्ण आर्थिक और कूटनीतिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इनसे देश के बुनियादी ढांचे के विकास, ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय संपर्क को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
वित्त मंत्री ने बताया कि इस ऋण का इस्तेमाल बिजली ट्रांसमिशन लाइन सहित ऊर्जा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के निर्माण में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले डॉलर में ऋण लेने के कारण विनिमय दर में उतार-चढ़ाव से नेपाल पर वित्तीय बोझ बढ़ता था। ऐसे में भारतीय रुपये में ऋण लेने और उसी मुद्रा में भुगतान करने की सुविधा मिलना महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 184 अरब रुपये के इस ऋण पर ब्याज दर क्या होगी, इसकी भुगतान अवधि कितनी होगी और कितने समय की ग्रेस अवधि (मूलधन भुगतान से छूट) मिलेगी, इन सभी मुद्दों पर अभी तकनीकी स्तर पर बातचीत होनी बाकी है।
वाग्ले ने पूर्व में सड़क निर्माण जैसी परियोजनाओं में लाइन ऑफ क्रेडिट के इस्तेमाल के दौरान स्थानीय सामग्री के उपयोग और ठेकेदारों से जुड़ी शर्तों के कारण आई समस्याओं का भी जिक्र किया। हालांकि, उनका कहना था कि ऊर्जा क्षेत्र में इस ऋण सुविधा का इस्तेमाल अधिक प्रभावी साबित हो सकता है।
भैरहवा एयरपोर्ट के लिए दोतरफा हवाई मार्ग बड़ी उपलब्धि
वित्त मत्री वाग्ले ने भारत के साथ भैरहवा स्थित गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए दोतरफा हवाई मार्ग उपलब्ध कराने पर बनी सहमति को नेपाल की महत्वपूर्ण कूटनीतिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नेपाल पिछले 10 से 12 वर्षों से इस सुविधा की मांग करता आ रहा था। अब तक हवाई मार्ग एकतरफा था, लेकिन भारत के साथ हुई सहमति के बाद इसे दोतरफा बनाने का रास्ता खुल गया है।
सरकार का मानना है कि इससे नेपाल के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में सुधार और अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क के विस्तार में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार भविष्य में महेंद्रनगर और जनकपुर सहित अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों से भी भारत और अंतरराष्ट्रीय शहरों के साथ हवाई संपर्क विस्तार करने की योजना पर काम कर रही है।



