
बिहार में एसवीयू की SDO और इंजीनियर पति के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
गोपालगंज की एसडीओ कुमारी प्रेरणा सिंह और पति रितेश कुमार के ठिकानों पर तलाशी- पटना, गोपालगंज और रोहतास में चल रही छापेमारी- आय से अधिक करीब 1.98 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप
पटना- 24 नवंबर। बिहार में विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने मंगलवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गोपालगंज सदर की अनुमंडलाधिकारी (एसडीओ) कुमारी प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। दोनों पति-पत्नी हैं। एसवीयू की अलग-अलग टीमें पटना, गोपालगंज और रोहतास स्थित उनके ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं।
रितेश कुमार पटना में पथ निर्माण विभाग के पथ प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। एसवीयू की टीमें छापेमारी के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों के रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन के ब्योरे और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाल रही हैं। अधिकारियों का उद्देश्य दंपती की ज्ञात आय और उनके द्वारा अर्जित संपत्तियों के बीच अंतर का पता लगाना है।
विशेष निगरानी इकाई ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में 23 नवंबर, 2026 को कांड संख्या 29/2026 दर्ज किया था। प्राथमिकी के अनुसार, आरोपित दंपती पर सेवा अवधि के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए भ्रष्ट और अवैध तरीके से करीब 1 करोड़ 98 लाख 28 हजार 175 रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह संपत्ति उनकी ज्ञात वैध आय के स्रोतों से काफी अधिक बताई गई है।
छापेमारी के दौरान बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तलाशी पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है। फिलहाल एसवीयू के अधिकारी इस कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं।



