
मधुबनी हत्याकांड में नया मोड़: आरोपी अबरार का वीडियो वायरल, बोला– पिछली रात मारपीट और बेइज्जती का बदला लिया, आरोपी का सुने विडियो में कबूलनामा
मधुबनी, 24 नवंबर। मिथिला मार्केट में गारमेंट्स व्यवसायी मोहम्मद नईम की चाकू मारकर हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी मो. अबरार का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह घटना के पीछे की वजह अपनी जुबानी बता रहा है।
वीडियो में आरोपी का दावा है कि घटना से एक रात पहले चार लोग उसे दो बाइक पर मधुबनी ले गए थे। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे अपमानित किया गया। आरोपी का कहना है कि इसी अपमान और मारपीट के बदले में उसने यह कांड किया है। आरोपी वीडियो में लोगों से अपनी बात की रिकॉर्डिंग करने और फोटो लेने को भी कहता नजर आ रहा है।
गौरतलब है कि पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया था कि मृतक नईम और आरोपी अबरार दोनों मंगरौनी गांव के निवासी और आपस में मित्र थे। बीती रात एक पार्टी के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई थी और उसी रंजिश में अबरार ने दुकान पर आकर चाकू से हमला कर दिया।
अब आरोपी के वायरल वीडियो में मारपीट और अपमान का आरोप लगाए जाने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। हालांकि आरोपी के यह आरोप अभी पुलिस जांच का विषय हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ जारी है। FSL टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही घटना की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी।



