
दिनकर विश्वविद्यालय को 1976 अधिनियम के तहत खोलने की मांग, LNMUTA ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
दरभंगा- 22 नवंबर। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (LNMUTA) ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर बेगूसराय में प्रस्तावित दिनकर विश्वविद्यालय को ‘विशिष्ट विश्वविद्यालय अधिनियम 2026’ की जगह बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 के तहत पारंपरिक विश्वविद्यालय के रूप में खोलने की मांग की है।
संघ के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण कुमार और महासचिव डॉ. नीलेश कुमार ने 21 नवंबर 2026 को लिखे पत्र में इसके व्यावहारिक एवं कानूनी पहलुओं की ओर सरकार का ध्यान दिलाया है।
पत्र में संघ ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि बेगूसराय में उनके नाम पर विश्वविद्यालय खोलने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री और सरकार का आभार जताया है। संघ ने कहा है कि यह गर्व की बात है कि कभी बेगूसराय उसी मुंगेर जिले का अंग था, जो मुख्यमंत्री का भी गृह जिला है।
संघ का कहना है कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय में बेगूसराय (ल.ना. मिथिला विश्वविद्यालय) और खगड़िया (मुंगेर विश्वविद्यालय) जिले शामिल होंगे। इन दोनों विश्वविद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 की सेवा शर्तों के अधीन हैं। यदि नया विश्वविद्यालय विशिष्ट अधिनियम 2026 के तहत खुला, तो सेवा शर्तों में बदलाव की कानूनी प्रक्रिया से गुजरना होगा। इससे शिक्षकों-कर्मियों में असमंजस बनेगा।
नए अधिनियम में सिंडिकेट एवं सीनेट के प्रारूप में भी बदलाव है। इससे बेगूसराय और खगड़िया के शिक्षक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, साहित्यकार एवं कलाकार सिंडिकेट-सीनेट में नहीं आ सकेंगे और समाज के व्यापक वर्गों का प्रतिनिधित्व खत्म हो जाएगा।
संघ ने याद दिलाया कि इससे पहले मुंगेर,पूर्णिया और पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय 1976 अधिनियम के तहत ही खुले थे और उनके क्रियान्वयन में कोई बदलाव नहीं हुआ। दिनकर जी का संबंध कुलपति के रूप में पारंपरिक विश्वविद्यालय तिलकामांझी भागलपुर से रहा है। बाद में उसी से ल.ना. मिथिला, बी.एन. मंडल, मुंगेर और पूर्णिया विश्वविद्यालय बने। इसलिए दिनकर विश्वविद्यालय पारंपरिक रूप में खुले तो उसकी स्वायत्तता बनी रहेगी और यह दिनकर जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। संघ ने मुख्यमंत्री से इस पर उदारतापूर्वक विचार करने का आग्रह किया है।



