विश्व

लंदन में अवामी लीग और NCP समर्थकों में झड़प से तनाव

लंदन, 22 नवंबर। पूर्वी लंदन की एक सड़क बांग्लादेश के राजनीतिक मतभेदों के कारण 19 नवंबर (सोमवार रात) से तनाव का केंद्र बन गई। यहां बांग्लादेश की नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) संयोजक और जातीय संसद में विपक्ष के मुख्य सचेतक नाहिद इस्लाम के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद अवामी लीग के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एनसीपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। इस घटना के चलते दोनों गुटों के बीच झड़प हो गई।

प्रोथोम अलो की 22 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, एनसीपी ने बताया कि उनके 16 सदस्य घायल हुए हैं, जबकि अवामी लीग ने अपने कम से कम तीन सदस्यों के घायल होने की बात कही। नाहिद इस्लाम के ब्रिटेन दौरे की खबर आते ही लंदन में मौजूद अवामी लीग के कुछ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने यह घोषणा की थी कि वे नाहिद इस्लाम के कार्यक्रम को पूरा नहीं होने देंगे।

अवामी लीग के कई कार्यकर्ताओं ने फेसबुक के जरिए नाहिद इस्लाम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कई लोगों को व्हाट्सएप पर ऐसे संदेश भी मिले। इससे पहले अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कैम्ब्रिज में भी नाहिद के एक कार्यक्रम के दौरान भी विरोध प्रदर्शन किया था।

पूर्वी लंदन में नाहिद इस्लाम के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के बाहर अवामी लीग के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने इस प्रदर्शन को अपने लोकतांत्रिक अधिकार के तहत विरोध करने का तरीका बताया। कार्यक्रम शुरू होने से पहले, मेहमान मेफेयर स्थित आयोजन स्थल पर पहुंच रहे थे। एक वीडियो में दिख रहा है कि प्रदर्शनकारियों के बीच से एक व्यक्ति ने टॉवर हैमलेट्स काउंसिल के पार्षद और काउंसिल के पूर्व स्पीकर, बैरिस्टर सैफुद्दीन खालिद की ओर पानी की बोतल फेंकी।

हालांकि अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के संभावित विरोध और बाधा डालने की आशंका को देखते हुए आयोजकों ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पुलिस के अलावा एनसीपी ने 30 से अधिक निजी सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया था। नाहिद इस्लाम कार्यक्रम शुरू होने से कम से कम तीन घंटे पहले ही ‘मेफेयर’ पहुंच गए थे। तनाव बढ़ने पर रात 9:55 बजे सुरक्षा कर्मियों की मदद से नाहिद इस्लाम को पिछले रास्ते से बाहर निकला गया। उनकी कार ‘सीडर पार्क गार्डन्स’ से जुड़ी कार पार्किंग के रास्ते से बाहर चली गई।

इस दौरान केंद्रीय नेता बैरिस्टर नूरुल हुदा जुनैद के नेतृत्व में एनसीपी के नेता और कार्यकर्ता मुख्य प्रवेश द्वार से बाहर आए और नारे लगाने लगे। हमले में कांच की बोतलें फेंकी गईं और पेड़ों की टहनियों का इस्तेमाल किया गया। घटना के समय अवामी लीग के कई नेता और कार्यकर्ता ‘सीडर पार्क गार्डन्स’ में खड़ी कारों के अंदर मौजूद थे। हॉल के सामने नारे लगने पर वे अपनी गाड़ियों से बाहर निकल आए। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कांच की एक बोतल एक एनसीपी कार्यकर्ता के सिर पर लगी।

स्थानीय निवासी करीन और एक अन्य निवासी ने बताया कि कैसे लोगों ने बोतलें फेंकीं, पेड़ों की टहनियां तोड़ीं और घरों के बाहर पड़ी चीजों का इस्तेमाल विरोधी गुट पर हमला करने के लिए किया। हालांकि, यह पता नहीं चल सका है कि सबसे पहले हिंसा किसने शुरू की।

बांग्लादेश प्रेस क्लब यूके के अध्यक्ष शाकिर हुसैन ने बताया, “सीडर पार्क गार्डन्स से एनसीपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के बाद अवामी लीग के सदस्यों ने उन्हें लाठियों और पेड़ों की टहनियों से पीटा।”

एनसीपी के केंद्रीय नेता बैरिस्टर नूरुल हुदा जुनैद ने बताया कि उनकी गाड़ियां हॉल के पीछे वाली सड़क और कार पार्क में खड़ी थीं। कार्यक्रम के बाद जब वे अपनी गाड़ियों की ओर जा रहे थे तो वहां पहले से मौजूद अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन पर अचानक हमला कर दिया।

दूसरी ओर, अवामी लीग से जुड़े ऑनलाइन कार्यकर्ता सुशांत दास गुप्ता ने बताया कि वे हॉल के पीछे सड़क पर खड़े थे, तभी उनकी एक सुरक्षा गार्ड के साथ बहस हो गई। उन्होंने दावा किया कि यह घटना तब शुरू हुई जब बहस के दौरान सुरक्षा गार्ड ने अवामी लीग के एक कार्यकर्ता को धक्का दे दिया। सुशांत दास गुप्ता ने यह भी दावा किया कि 5 अगस्त के बाद से बांग्लादेश के हबीगंज में उनके घर में दो बार आग लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वे नाहिद के कार्यक्रम में विरोध प्रदर्शन करने आए थे।

लंदन पुलिस के एक बयान का हवाला देते हुए ब्रिटिश मीडिया ने बताया कि सोमवार रात 9:59 बजे पुलिस को रोमफोर्ड के हाई रोड पर हंगामे की सूचना मिली। पुलिस के अनुसार, हिंसा शुरू होने से पहले लगभग 50 लोग एक विरोध प्रदर्शन में शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद वे तीन लोगों को अस्पताल ले गए। किसी को भी ऐसी चोट नहीं आई जो जानलेवा हो या जिससे उनके जीवन पर कोई गहरा असर पड़े।

लंदन एम्बुलेंस सर्विस ने बताया कि उन्हें रात 10:12 बजे एक इमरजेंसी कॉल मिली, जिसके बाद उन्होंने दो एम्बुलेंस टीमें मौके पर भेजीं। पैरामेडिक्स ने घटनास्थल पर ही छह लोगों का इलाज किया, जिनमें से एक को वे स्थानीय अस्पताल ले गए।

‘अल हुदा वेलफेयर फाउंडेशन यूके’ मेफेयर वेन्यू के बगल में सीडर पार्क गार्डन्स के पूर्वी जंक्शन पर स्थित है। इस इस्लामिक धार्मिक संस्थान में एक मस्जिद और एक मदरसा है। मस्जिद में नमाज पढ़ने वाले बांग्लादेशी नागरिक हुसैन ने बताया कि घटना के बाद कई स्थानीय निवासियों ने उनसे बांग्लादेशियों के व्यवहार की निंदा की। उन्होंने कहा कि इन बातों को सुनकर उन्हें एक बांग्लादेशी होने के नाते शर्मिंदगी महसूस हुई।

हुसैन कई सालों से इस इलाके में रह रहे हैं और स्थानीय निवासियों के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में बांग्लादेशी कभी भी ब्रिटिश धरती पर ऐसी घटनाओं में शामिल नहीं होंगे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!