
कांग्रेस ने मनाई इंदिरा गांधी की जयंती, कहा – उनका साहस और गरीबों के लिए समर्पण आज भी प्रेरणा
मधुबनी, 19 नवंबर। जिला कांग्रेस कार्यालय ललित भवन के सभागार में पूर्व प्रधानमंत्री आयरन लेडी इंदिरा गांधी की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने उनके तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्वी नलिनी रंजन झा रूपम ने की। सर्वप्रथम उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्वी नलिनी रंजन झा रूपम ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता, अखंडता और गरीबों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का साहसिक नेतृत्व आज भी देश के लिए प्रेरणा है। चाहे बांग्लादेश की आजादी हो, गरीबी हटाओ का नारा हो या देश को परमाणु शक्ति बनाने का संकल्प हो, इंदिरा गांधी ने हर मोर्चे पर देश को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि आज जब देश में नफरत और विभाजन की राजनीति हो रही है, तब इंदिरा गांधी के विचार और भी प्रासंगिक हो जाते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इंदिरा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलें। कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाएं।
उपमेयर अमानुल्लाह खान ने कहा कि इंदिरा गांधी ने हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ी। उनका जीवन त्याग, साहस और देशभक्ति का प्रतीक है। कांग्रेस पार्टी आज भी उन्हीं आदर्शों पर चल रही है। आने वाले समय में भी इंदिरा गांधी के सपनों का भारत बनाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम में सत्येन्द्र पासवान, एनके झा, टेकनाथ पाठक, पूर्व सभापति प्रभारी, विनय कुमार झा, कालिश्वर झा (कन्हैया), पूर्व प्रखंड अध्यक्ष, शम्भूनाथ झा, महेश प्रसाद, मो. मोईजुद्दीन, महेश चन्द्र झा, मो. इदरीस, श्याम सुन्दर साह, परिक्षण यादव, पूर्व अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



