
MADHUBANI:- समाहरणालय गेट पर हंगामा, जाम और एंबुलेंस रोकने पर गणेश महरान समेत 100-120 लोगों पर FIR
मधुबनी- 18 नवंबर। समाहरणालय के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन के दौरान हंगामा, सड़क जाम और सदर अस्पताल जा रही दो एंबुलेंस का रास्ता रोकने के मामलें में रहिका अंचल की राजस्व अधिकारी अर्चना कुमारी के आवेदन पर नगर थाना में FIR दर्ज की गई है। इसमें गणेश महरान, बलराम यादव, सागर देवी, साधु देवी, सतीश सूरी, सरवन नायक, टिंकू यादव, रामपूजन सदाय, विनय कुमार राम, शिवेश्वर यादव, अंकित ठाकुर एवं अन्य 100-120 अज्ञात समर्थकों को आरोपित बनाया गया है। मामले की जांच एसआई अमित सिंह को सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, अनुमंडल पदाधिकारी के मौखिक आदेश के आलोक में राजस्व अधिकारी अर्चना कुमारी 17 नवंबर को समाहरणालय के मुख्य द्वार पर प्रतिनियुक्त थीं। उसी दिन गणेश महरान अपने समर्थकों के साथ पंडौल प्रखंड अंतर्गत लौहट चीनी मिल को पुनर्जीवित करने एवं उक्त स्थल पर वर्तमान में निर्मित सीमेंट फैक्ट्री को पूर्णतः बंद करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।
आरोप है कि धरना के दौरान महरान ने अपने समर्थकों में शामिल महिलाओं को आगे करते हुए समाहरणालय के मुख्य द्वार पर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। साथ ही सभी समर्थकों के साथ मुख्य द्वार को तोड़ने का प्रयास किया गया एवं मुख्य सड़क को पूर्णतः जाम कर दिया गया।
आवेदन में कहा गया है कि जाम के कारण सदर अस्पताल मधुबनी जा रही दो एंबुलेंस का भी रास्ता अवरुद्ध हो गया। इससे एंबुलेंस में सवार मरीज की जान-माल पर खतरे की स्थिति बन गई थी। साथ ही अफरातफरी का माहौल एवं ट्रैफिक समस्या तथा विधि-व्यवस्था उत्पन्न हो गई थी।
स्थल पर मौजूद स्थानीय प्रशासन के समझाने के क्रम में महरान ने अपने समर्थकों के साथ स्थानीय प्रशासन के लोगों से भी असंवैधानिक बर्ताव किया गया। प्रशासनिक काफी प्रयासों के उपरांत विधि-व्यवस्था एवं यातायात को बहाल किया गया।
राजस्व अधिकारी ने सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने, यातायात प्रभावित करने, आदेश का उल्लंघन, प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार एवं सदर अस्पताल जा रही दो एंबुलेंस का रास्ता रोकने एवं विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने के आरोप में महरान एवं अन्य के विरुद्ध नियमानुसार सुसंगत धारा के तहत कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।



