हेल्थ

भारत की पहली स्वदेशी H5N1 चिकन वैक्सीन 20 नवंबर को राष्ट्र को समर्पित होगा

नई दिल्ली- 18 नवंबर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भारत की पहली स्वदेशी निष्क्रिय एच5एन1 (क्लेड 2.3.2.1ए) बर्ड फ्लू वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित करेंगे। मुर्गियों के लिए विकसित इस वैक्सीन को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (आईसीएआर-एनआईएचएसएडी) ने तैयार किया है। यह देश में इस वायरस के खिलाफ विकसित अपनी तरह की पहली वैक्सीन है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार, वैक्सीन को 20 नवंबर को भोपाल स्थित आईसीएआर-एनआईएचएसएडी में राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। यह वैक्सीन देश में फैल रहे एच5एन1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए स्ट्रेन से मुर्गियों को सुरक्षा देने के उद्देश्य से विकसित की गई है।

मंत्रालय के अनुसार, अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (एचपीएआई), जिसे आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है, मुर्गियों को प्रभावित करने वाली गंभीर बीमारी है। इसके प्रकोप में संक्रमित पक्षियों की मृत्यु दर करीब 100 फीसदी तक हो सकती है। बीमारी के कारण बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारना पड़ता है और व्यापार पर प्रतिबंध लगते हैं। इससे पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता है। इसका असर पोल्ट्री उत्पादों के वैश्विक व्यापार, कीमतों और किसानों की आजीविका पर भी पड़ता है।

भारत में 2006 में पहली बार इस बीमारी का पता चलने के बाद से एच5एन1 और एच5एन8 उपप्रकारों के 500 से अधिक संयुक्त प्रकोप सामने आ चुके हैं। मंत्रालय के अनुसार, बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि को 1.5 फीसदी तक कम कर सकता है। बीमारी के अनियंत्रित प्रसार की स्थिति में देश की 20 फीसदी से अधिक पोल्ट्री आबादी जोखिम में आ सकती है। वर्ष 2006 के प्रकोप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। मणिपुर में हुए प्रकोप से राज्य के सकल घरेलू उत्पाद के 0.5 फीसदी के बराबर नुकसान हुआ था।

बर्ड फ्लू सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिहाज से भी चिंता का विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है।

वायरस के अध्ययन से पता चला है कि एच5एन1 का क्लेड 2.3.2.1ए स्ट्रेन मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के समय में इस स्ट्रेन से संक्रमण स्तनधारियों सहित विभिन्न पशु प्रजातियों में भी पाया गया है। इसके अलावा मनुष्यों में संक्रमण के तीन मामले भी सामने आए हैं। ऐसे में इस वायरस के प्रसार को नियंत्रित करना जरूरी है, ताकि पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने के साथ मुर्गियों से अन्य पशुओं और मनुष्यों में संक्रमण फैलने का खतरा भी घटाया जा सके।

मंत्रालय के अनुसार, फिलहाल एच5एन1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में आईसीएआर-एनआईएचएसएडी की ओर से विकसित स्वदेशी वैक्सीन देश की इस जरूरत को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!