
DARBHANGA: काशीकांत ठाकुर हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, बिरौल थानाध्यक्ष और दरोगा निलंबित, समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
दरभंगा, 11 नवंबर। बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव निवासी काशीकांत ठाकुर की गोली मारकर हत्या के मामले में दरभंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बिरौल के थानाध्यक्ष और एक पुअनि को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर मृतक के आवेदन पर समय पर कार्रवाई नहीं करने और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने का आरोप है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, काशीकांत ठाकुर, पिता- रामलखन ठाकुर, निवासी पड़री गांव ने दिनांक- 14.07.2026 को बिरौल थाना में एक आवेदन दिया था। आवेदन में आपसी विवाद, जान से मारने की धमकी से संबंधित आरोप लगाते हुए विधि-सम्मत कार्रवाई की मांग की गई थी। आरोप है कि उक्त आवेदन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद दिनांक- 08.11.2026 को रात्रि करीब 19:30 बजे पड़री गांव में काशीकांत ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इस संबंध में बिरौल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के पश्चात मृतक द्वारा दिनांक- 14.07.2026 को दिए गए आवेदन के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल से जांच कराई गई।
SDPO बिरौल द्वारा समर्पित जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि थानाध्यक्ष बिरौल एवं पुअनि पंकज कुमार बिरौल थाना द्वारा पूर्व में दिए गए आवेदन पर नियमानुसार अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही एवं शिथिलता बरती गई।
SDPO ने थानाध्यक्ष बिरौल एवं पुअनि पंकज कुमार के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की। थानाध्यक्ष के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई हेतु पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, दरभंगा को अनुशंसा भेजी गई।
पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, दरभंगा द्वारा पुनि चन्द्रमणि थानाध्यक्ष बिरौल को दिनांक- 10.11.2026 को निलंबित कर इनका मुख्यालय पुलिस केन्द्र दरभंगा बनाया गया है।
वहीं पुअनि चन्द्रमणि एवं पुअनि पंकज कुमार बिरौल थाना को सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दोनों का मुख्यालय पुलिस केन्द्र दरभंगा बनाया गया है।



