विश्व

इजराइल:- चुनाव में बहुमत गंवाने के बाद नेतन्याहू ने ‘राष्ट्रीय एकता’ सरकार बनाने की अपील, कहा- अरब दलों के समर्थन से बनने वाली सरकार देश की सुरक्षा के लिए खतरा

यरुशलम, 08 नवंबर। इजराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। चुनाव में बहुमत गंवाने के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ‘राष्ट्रीय एकता’ सरकार बनाने की अपील की है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपने निवर्तमान गठबंधन के सभी सहयोगियों के साथ सरकार बनाने का आग्रह करते हुए अरब दलों के समर्थन से बनने वाली सरकार को देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताया।

नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि अरब दल इजराइल का अस्तित्व समाप्त करना चाहते हैं और उनके समर्थन पर निर्भर सरकार हमास के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाएगी। उन्होंने गाजा और लेबनान में तैनात इजराइली सैनिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। साथ ही यूरोप में हालिया हिंसक प्रदर्शनों का हवाला देते हुए इजराइल में गृहयुद्ध जैसी स्थिति पैदा होने की आशंका व्यक्त की।

नेतन्याहू की प्रस्तावित एकता सरकार में उनकी लिकुड पार्टी के अलावा अति-दक्षिणपंथी धार्मिक जायनिज्म, ओत्जमा येहुदित और अति-रूढ़िवादी यहूदी दलों को भी शामिल करने की बात कही गई है। हालांकि, उन्होंने सरकार के नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की।

27 अक्टूबर को हुए चुनाव में नेतन्याहू के गठबंधन को 120 सदस्यीय नेसेट में 53 सीटें मिली थीं, जबकि गादी आइजेनकोट के नेतृत्व वाले चार दलों के गठबंधन को 48 सीटें हासिल हुईं। दो अरब दलों के पास 19 सीटें हैं और वे आइजेनकोट का समर्थन कर रहे हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!