स्पोर्ट्स

गुरनूर बरार के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने दूसरे वनडे में डकवर्थ-लुईस नियम से न्यूजीलैंड को 4 रन से हराया, सीरीज में 2-0 की बढ़त

वेलिंगटन- 07 नवंबर। तेज गेंदबाज गुरनूर बरार के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने बारिश से प्रभावित दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को चार रनों से हरा दिया।शनिवार को वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बरार ने 30 रन देकर चार विकेट लिए, जिससे न्यूजीलैंड की टीम 41 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। जवाब में भारतीय टीम ने बारिश के कारण खेल रोके जाने तक 24.4 ओवर में सात विकेट पर 113 रन बना लिए थे। बउस समय भारत डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति के निर्धारित पार स्कोर से चार रन आगे था, हालांकि बारिश के कारण मैच शुरु नहीं हो सका और भारत ने 4 रन से जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।

135 रनोेे के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान शुभमन गिल पहले ही ओवर में बिना खाता खोले जैकब डफी की गेंद पर आउट हो गए। भारत ने 1.1 ओवर में चार रन पर पहला विकेट गंवा दिया। विराट कोहली ने डफी के खिलाफ शानदार कवर ड्राइव लगाकर अपना खाता खोला, जबकि रोहित शर्मा ने काइल जैमीसन की गेंद पर चौका जड़ा। हालांकि, डफी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कोहली विल यंग को कैच दे बैठे। वह सात रन बनाकर आउट हुए। भारत का स्कोर 3.4 ओवर में दो विकेट पर 17 रन हो गया।

रोहित शर्मा ने इसके बाद जैमीसन के खिलाफ दो छक्के लगाकर पारी को आगे बढ़ाया। इनमें उनका पसंदीदा पुल शॉट भी शामिल था। हालांकि, जैमीसन की गेंद पर वह हेनरी निकोल्स को स्लिप में कैच दे बैठे। रोहित ने 27 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 23 रन बनाए। भारत ने 8.4 ओवर में 39 रन पर तीसरा विकेट गंवा दिया। अक्षर पटेल भी बल्ले से संघर्ष करते नजर आए और मैथ्यू फिशर की गेंद पर 17 गेंदों में सात रन बनाकर आउट हो गए। 12.5 ओवर में भारत का स्कोर 47 रन पर चार विकेट था।

इसके बाद उपकप्तान श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 39 रन जोड़े। राहुल ने नाथन स्मिथ के 16वें ओवर में चौका और छक्का लगाया, जबकि अय्यर ने फिशर के 19वें ओवर में दो चौके जड़े। जैमीसन ने इस साझेदारी को तोड़ते हुए अय्यर को आउट किया। उन्होंने 46 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। भारत ने 20 ओवर में 86 रन पर पांचवां विकेट गंवा दिया।

राहुल ने 22.5 ओवर में छक्का लगाकर भारत को 100 रन के पार पहुंचाया। हालांकि, नमन धीर ज्यादा देर उनका साथ नहीं दे सके। उनका हवाई शॉट डीप बैकवर्ड स्क्वायर पर टिम सीफर्ट ने लपक लिया। नमन ने 16 गेंदों में 12 रन बनाए। भारत का स्कोर 24.4 ओवर में 108 रन पर छह विकेट हो गया। इसके बाद जैमीसन ने अंशुल कंबोज को एक रन पर आउट कर भारत को सातवां झटका दिया। भारत का स्कोर 111 रन पर सात विकेट था। इसी दौरान बारिश ने खेल रोक दिया। उस समय राहुल 38 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद थे। भारत डीएलएस पार स्कोर से चार रन आगे होने के कारण विजेता घोषित हुआ।

गुरनूर की धारदार गेंदबाजी से 134 रन पर सिमटा न्यूजीलैंड—

इससे पहले बारिश के कारण देरी से शुरू हुए मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने बादलों से ढकी परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। न्यूजीलैंड की टीम 40.6 ओवर में 134 रन पर सिमट गई।

न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। औकिब नबी ने दोनों सलामी बल्लेबाजों टिम सीफर्ट और विल यंग को पवेलियन भेज दिया। सीफर्ट पांच गेंद खेलने के बाद खाता भी नहीं खोल सके, जबकि यंग ने 17 गेंदों में छह रन बनाए। इसके बाद अंशुल कंबोज ने हेनरी निकोल्स को 11 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। न्यूजीलैंड ने 23 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।

डेरिल मिचेल ने एक छोर संभालते हुए 104 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 55 रन बनाए। उन्हें कप्तान मिचेल सैंटनर का साथ मिला। सैंटनर ने 38 गेंदों में 31 रन बनाए। दोनों ने छठे विकेट के लिए 59 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। हालांकि, गुरनूर बरार ने सैंटनर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने टॉम लैथम और ग्लेन फिलिप्स को भी जल्दी पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं।

बरार ने 10 ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिए। यह उनके एकदिवसीय करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा। अक्षर पटेल ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि औकिब नबी ने 31 रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया। अंशुल कंबोज को भी दो विकेट मिले। उन्होंने ब्लेयर टिकनर को दो रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर न्यूजीलैंड की पारी समेट दी। अर्शदीप सिंह को कोई विकेट नहीं मिला लेकिन उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका नहीं दिया।

पहले एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम 185 रन पर सिमटी थी और अब दूसरे मैच में भी भारतीय गेंदबाजों ने उसे 134 रन पर रोक दिया। लगातार दूसरे मुकाबले में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन ने भारत को सीरीज में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। दोनों टीमों के बीच तीसरा एकदिवसीय 10 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!