
छोटी दीपावली पर जले दीये, रविवार को दीपावली पर होगी गणेश-लक्ष्मी पूजा, सजेगी दीपों की लडियां
मधुबनी- 07 नवंबर। दीपावली त्योहार पर रविवार को भगवान गणेश-लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर लोग धन-धान्य की कामना करेंगे। संध्याकाल में लोग अपने घरों पर दीपमाला के बीच रंग-बिरंगे झालर की चकाचौंध में रंगोली तैयार कर मां लक्ष्मी के आगमन में पलकें बिछाए रहेंगे। दीपावली के खुशनुमा माहौल में लोग नए कपड़ों में गणेश-लक्ष्मी पूजा कर मिठाइयां बांटेंगे।

दीपावली की पूर्व संध्या पर संध्याकाल छोटी दीपावली मनाई गई। लोग अपने घरों के आगे दीप जलाए। इधर दिनभर दीपावली की खरीदारी को लेकर बाजार में लोगों की भारी भीड़ बनी रही। दीपावली पर भगवान गणेश-लक्ष्मी को भोग के लिए बुंदिया लड्डू के अलावा बालुशाही, छेना मिठाई, गोंद लड्डू, काजू बर्फी, बताशा सहित अन्य मिठाई की मांग जोरों पर रही। जिले के विभिन्न मिठाई दुकानों पर 30 लाख से अधिक की मिठाई बिक्री का अनुमान है।
शहर के पटाखा दुकानों पर खरीदारों में खासकर युवाओं की भीड़ देखी गई। पटाखा दुकानों पर फुलझड़ी, अनार, राकेट, चक्र, बम के अलावा नए किस्म के हैप्पी दीपावली, शुभ छठ व गुड़िया नामक पटाखा की मांग काफी देखी गई। दीपावली पर किसी भी प्रकार की अगलगी की घटना पर काबू के लिए स्थानीय फायर स्टेशन पूरी तरह तैयार है। फायर स्टेशन प्रभारी ने बताया कि अगलगी की किसी प्रकार की घटना से निपटने के लिए फायर स्टेशन तैयार है।
दीवाली पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति को ले विभाग शहर के सभी ट्रांसफार्मरों का फ्यूज दुरुस्त किया जा रहा है। दीवाली के दिन ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ने पर त्वरित विद्युत बहाल के लिए जगह-जगह कर्मी तैनात किए गए हैं। सहायक विद्युत अभियंता ने बताया कि दीवाली पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति को ले विभाग द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है।
आतिशबाजी में हुई चूक से कई बच्चे मामूली रूप से जल जाते हैं। आतिशबाजी के अलावा किसी भी तरह की अगलगी की घटनाओं को लेकर सदर अस्पताल में चौकसी बरती जा रही है। सिविल सर्जन ने बताया कि दीपावली पर किसी भी प्रकार की अनहोनी के मद्देनजर अस्पताल के बर्न विभाग को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखा गया है।नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने बताया कि दीपावली को देखते हुए नगर निगम विशेष सफाई अभियान चलाकर शहर को पूरी तरह स्वच्छ कर दिया गया है।



