
BIHAR:- मधुबनी कलेक्ट्रेट भवन नीलामी की तिथि बढ़ी, अब 26 नवंबर को होगी कार्रवाई
मधुबनी, 07 नवंबर। मधुबनी कलेक्ट्रेट भवन के करीब एक चौथाई हिस्से की नीलामी की तिथि अब बढ़ा दी गई है। पहले यह नीलामी प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 को पूरी होनी थी, लेकिन कोर्ट के आदेश पर अब इसे बढ़ाकर 26 नवंबर 2026 कर दिया गया है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार पांडेय के आदेश पर कोर्ट नाजिर अवधेश कुमार ने विकास कुमार सहित अन्य कर्मियों के साथ गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नीलामी की संशोधित उद्घोषणा की सूचना कलेक्ट्रेट भवन, निबंधन कार्यालय, कोर्ट कैंपस एवं वकालत खाना में चस्पा की। नोटिस देखकर अधिवक्ताओं और आम लोगों में हड़कंप मच गया।
क्या है मामला?
इजराय वाद संख्या 3/16 राधा कृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड बनाम पंडौल कोऑपरेटिव स्पाइनिंग मिल्स प्राइवेट लिमिटेड एवं अन्य के मामले में दिनांक 27 अगस्त 2026 को पारित आदेश पर नजारत की ओर से यह कार्रवाई की गई है। पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता वरुण कुमार झा ने बताया कि पटना हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति घनश्याम प्रसाद द्वारा बतौर आर्बिट्रेटर रिक्वेस्ट वाद संख्या- 07/2012 में पारित आदेश के बावजूद राज्य सरकार एवं सूता मिल के अधिकारियों ने उनके मुवक्किल को ब्याज सहित 4 करोड़ 17 लाख 24 हजार 459 रुपये का भुगतान नहीं किया। इसी बकाया वसूली के लिए कलेक्ट्रेट भवन के हिस्से की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई है।



