
जानकी पुस्तक केंद्र के स्थापना दिवस पर ‘आँचर पर नटुआ नचायब’ छठ गीत रिलीज
मधुबनी- 06 नवंबर। जानकी मैथिली पुस्तक केंद्र के दसवें स्थापना दिवस पर जानकी फिल्म्स प्रोडक्शन के यूट्यूब चैनल पर ‘आँचर पर नटुआ नचायब’ छठ गीत रिलीज हुआ।
इस गीत की रचना साहित्यकार अजित आजाद ने की है और स्वर दिया है रेणुका शेखर ने। संगीत तैयार किया है आलोक कुमार झा ने। युवा संगीत प्रेमी और वीडियो एडिटर अरशद आलम ने इस गीत की वीडियो एडिटिंग में सहयोग किया है। इस मौके पर जानकी पुस्तक केंद्र पर पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इस गीत का लोकार्पण प्रसिद्ध चित्रकार कल्पना सिंह और गीतकार अजित आजाद ने किया। कल्पना सिंह ने गीत की सराहना करते हुए कहा कि ‘आँचर पर नटुआ नचायब’ एक परंपरा है। मैथिली में ऐसे गीतों का अभाव है। ऐसे गीतों की अभी बहुत आवश्यकता है। मैथिली में मेलोडियस छठ गीतों की कमी को देखते हुए इस गीत को रिलीज किया गया है।
जानकी फिल्म्स के निदेशक सुनील कुमार झा ने कहा कि यह गीत छठ व्रतियों और युवावर्ग को आकर्षित करेगा। इसके बोल और संगीत बहुत कर्णप्रिय बने हैं। उन्होंने कहा कि मैथिली पुस्तक और मैथिली गीत में ही उनके प्राण बसते हैं।



