
दरभंगा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, बाइक सवार शिक्षक की मौके पर मौत, नो इंट्री में हुई घटना
दरभंगा, 06 नवंबर। दरभंगा जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा केवटी थाना क्षेत्र के रानीपुर शिव मंदिर के पास हुआ। मृतक की पहचान अहमद अली (44 वर्ष) के रूप में हुई है। वे केवटी थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
फर्दबयान के अनुसार, सुबह करीब 9:25 बजे अहमद अली अपनी बाइक संख्या से जिबरा गाँव, केवटी थाना की ओर जा रहे थे। उन्हें एक पंचायती में शामिल होना था।
इसी दौरान रानीपुर शिव मंदिर के पास सड़क पर दरभंगा शहर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अहमद अली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुँचे तो शव सड़क किनारे रक्तरंजित हालत में पड़ा था।
सूचना पर पहुँची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना ले गई। शव को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया गया। इस संबंध में मृतक के परिजन मो. नसीम अहमद के फर्दबयान पर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



