
पटना- 05 नवंबर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा है कि बिहार के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने एवं प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सशक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग में 11 हजार से अधिक पदों पर बहाली की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है।
इस संबंध में विभाग द्वारा नवंबर के अंतिम सप्ताह तक भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। इसके साथ ही, जल्द भर्ती कैलेंडर भी जारी किया जाएगा।
इस बहाली के तहत स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, प्रबंधकीय श्रेणी, ब्लॉक हेल्थ मैनेजर (BHM), NME एवं लिपिकीय संवर्ग सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके लिए राज्य के सभी 38 जिलों के स्वास्थ्य संस्थानों में रिक्त पदों का अद्यतन ब्यौरा जुटाया जा रहा है। प्रथम चरण की बहाली के उपरांत दूसरे चरण में अन्य रिक्त पदों पर भी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इससे बिहार के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। साथ ही, स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित होने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार आएगा और मरीजों को समय पर जांच एवं बेहतर उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
युवाओं को सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक सुलभ, सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारी प्रतिबद्धता है।



