भारत

यूपी में फिर बनेगी भाजपा-एनडीए की सरकार: नितिन नवीन

गोरखपुर- 04 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के माध्यम से वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए भाजपा-एनडीए की फिर से सरकार बनने का विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास, सुशासन और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा-एनडीए के पक्ष में जनादेश देगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय और देश की सुरक्षा के लिए समर्पित भाजपा-एनडीए है, तो दूसरी ओर झूठ, अराजकता और नकारात्मक राजनीति करने वाला विपक्षी गठबंधन है। जनता का विश्वास भाजपा के साथ है।

पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, ए.के. शर्मा, दारा सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, सांसद रवि किशन, विजय दुबे, सुभासपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरविंद राजभर तथा अपना दल के विधानमंडल दल के नेता रामनिवास वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

पदयात्रा के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देशभर में लोकतंत्र की रक्षा और जनादेश के सम्मान के संकल्प के साथ भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर रहे हैं। अब तक 100 से अधिक ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्राएं निकाली जा चुकी हैं। इन यात्राओं को मिल रहा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता भाजपा और एनडीए के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी विकासोन्मुखी नीतियों से उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का काम किया है, जबकि अखिलेश यादव और राहुल गांधी की राजनीति परिवार तक सीमित है। यह अंतर केवल भीड़ का नहीं, बल्कि जनविश्वास का है।

विपक्ष हार का ठीकरा कभी एसआईआर तो कभी चुनाव आयोग पर फोड़ता है

विपक्षी दलों पर चुनावी हार के लिए बहाने तलाशने का आरोप लगाते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष के नेता कभी एसआईआर तो कभी चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्ष 2025 से पहले जब एसआईआर नहीं हुआ था, तब विपक्ष को मिली चुनावी हार का जिम्मेदार कौन था? उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल जनता के बीच काम नहीं करते और अपने कार्यकर्ताओं के साथ मेहनत नहीं करते, वे अपनी नाकामी छिपाने के लिए चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं पर आरोप लगाते हैं। मतदाता सूची के पुनरीक्षण का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्ष से पूछा कि मृत, स्थानांतरित और लापता मतदाताओं के नाम पर आखिर वह किसके वोट चाहता है? लोकतंत्र में वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा जरूरी है।

कांग्रेस पर संविधान और बाबा साहब के अपमान का लगाया आरोप

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर संविधान को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के नेता संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, लेकिन इतिहास गवाह है कि संविधान की मर्यादा को तार-तार करने का काम भी कांग्रेस ने ही किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा अवैध घोषित किए जाने के बाद न्यायालय के फैसले को बदलने के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रति नेहरू-गांधी परिवार के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में नेहरू-गांधी परिवार का संविधान नहीं चलेगा, बल्कि भारत का संविधान चलेगा और लोकतंत्र की जीत होगी।

गोरखपुर में विकास और रोजगार के नए अवसरों का किया उल्लेख

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। गोरखपुर इसका बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कभी लंबे समय तक बंद रहा खाद कारखाना आज फिर से संचालित है। नए एम्स और शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना के साथ उद्योगों को भी नए अवसर मिल रहे हैं। गोरखपुर तेजी से औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है और यहां युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं।

‘पंक्चर साइकिल एक्सप्रेसवे पर नहीं चल सकती’

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब साइकिल पंक्चर हो चुकी है और पंक्चर साइकिल एक्सप्रेसवे पर नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में एक्सप्रेसवे का विस्तार हो रहा है और विकास की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। जनता ने पहले भी अराजकता और नकारात्मक सोच रखने वालों को जवाब दिया है और वर्ष 2027 तथा 2029 में भी ऐसे लोगों को सबक सिखाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ताकत से जनता के बीच जाएं और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं।

2027 में विकास की गति तय करेगा उत्तर प्रदेश

नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को विकास के हर पैमाने पर आगे बढ़ाया है। आने वाले समय में प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य है। एक्सप्रेसवे का विस्तार, वंदे भारत, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और गरीबों के जीवन में खुशहाली लाने के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2027 का चुनाव तय करेगा कि प्रदेश विकास की किस गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चिंता देश के 140 करोड़ नागरिकों के कल्याण की है, जबकि विपक्ष की राजनीति परिवार तक सीमित है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में जनता के बीच सक्रिय रहें और सरकार की विकास योजनाओं तथा उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में भाजपा-एनडीए की सरकार फिर बनेगी और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!