
MADHUBANI: बाबूबरही कांड- चौकीदार समेत 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड, आरोपी ASI चन्द्रमोहन सिंह अपराधी घोषित, SSP कहा- स्पेडी ट्राईल चलाकर फांसी दिलाई जाएगी
मधुबनी- 04 नवंबर। बिहार में मधुबनी जिले के बाबूबरही में परसों रात हुई घटना को लेकर मधुबनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि जांच में लापरवाही सामने आने पर वहां के चौकीदार और 4 जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

इसके अलावा मौके पर आरोपी एएसआई के साथ मौजूद 4 अन्य सैफ जवानों ने भी रात में समय पर रिस्पॉन्ड नहीं किया। उनकी कर्तव्य के प्रति उदासीनता पाई गई है। चारों जवानों को भी सस्पेंड कर सेवा से बाहर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हत्या का मुकदमा दर्ज, SIT गठित—
एसएसपी ने बताया कि आज बुधवार सुबह मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए गए हैं। एफआईआर में बताई गई बातों के आधार पर संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। वहीं दोनों पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और मजिस्ट्रेट के सामने धारा 183 के तहत बयान भी दर्ज करा दिया गया है। आरोपी एएसआई को कल ही निलंबित कर दिया गया था और उसे सेवा से बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर जल्द से जल्द चार्जशीट करने के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित कर दी गई है, जिसका नेतृत्व सदर एसडीपीओ कर रहे हैं।
गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें, बॉर्डर तक छापेमारी—
आरोपी को पकड़ने के लिए कल 5 टीमें बनाई गई थीं, आज समीक्षा के बाद 12 टीमें बना दी गई हैं। ये टीमें जिले के अंदर भी छापेमारी कर रही हैं, जिले के बाहर भी भेजी गई हैं और बॉर्डर के उस तरफ भी भेजी गई हैं जहां आशंका है। इस समय 4 टीमें जिले के बाहर, 4 टीमें जिले के अंदर और करीब 4 टीमें बॉर्डर के उस तरफ काम कर रही हैं। सभी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी चल रही है।
25 हजार का इनाम, स्पीडी ट्रायल की तैयारी—
एसएसपी ने बताया कि आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। पुलिस कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर पर सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह उनकी नजर में रेयरेस्ट ऑफ द रेयर क्राइम है। आरोपी को वे पुलिस का व्यक्ति नहीं, सिर्फ अपराधी मानते हैं। पीड़ित परिजनों के साथ पुलिस खड़ी है। इस मामले को स्पीडी ट्रायल में डालने के लिए आज उन्होंने और डीएम साहब ने संयुक्त हस्ताक्षर से जिला जज को पत्र लिख दिया है। लगातार मॉनिटरिंग कर इसे 100 प्रतिशत फांसी की सजा तक ले जाया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि वे खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं और बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।



