
जन सुराज ने निर्दलीय MLC बंशीधर बृजवासी और राहुल राज के भाजपा में शामिल होने पर सदस्यता रद्द करने की सभापति से की मांग की
पटना- 02 नवंबर। जन सुराज के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना के नेतृत्व में बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति प्रो. डॉ. रामवचन राय से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित विधान पार्षद बंशीधर बृजवासी और राहुल राज के भाजपा में शामिल होने पर उनकी विधान परिषद की सदस्यता रद्द करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित निर्दलीय विधान पार्षद बंशीधर बृजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित निर्दलीय विधान पार्षद राहुल राज ने चुनाव जीतने के 72 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

संविधान की दसवीं अनुसूची के अनुसार, यदि कोई निर्दलीय निर्वाचित सदस्य चुनाव जीतने के बाद किसी राजनीतिक दल की सदस्यता ग्रहण करता है, तो उसकी सदस्यता समाप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि हमने भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार, मुख्य सचिव और संबंधित आयुक्त को भी पक्षकार बनाया है। दोनों नेताओं ने स्वयं सार्वजनिक रूप से भाजपा में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
प्रतिनिधिमंडल ने पेन ड्राइव के माध्यम से समाचार पत्रों में प्रकाशित बयान और मीडिया बयान सहित सभी साक्ष्य सभापति को सौंपे हैं। सभापति ने आश्वासन दिया है कि वे कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेकर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
पूर्व विधान पार्षद रामबली सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि सभापति ने भरोसा दिलाया कि यह गंभीर मामला है। सभी संवैधानिक मंचों का इस्तेमाल करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर किशोर कुमार मुन्ना, रामबली चंद्रवंशी, सुभाष कुशवाहा, तेज नारायण सहनी, सुरेश पटेल, ओबैदुर रहमान सहित अन्य मौजूद थे।



