भारत

राहुल गांधी के पास कोई विजन नहीं, कांग्रेस के सफाए के लिए होंगे जिम्मेदार: भाजपा अध्यक्ष

कोलकाता- 02 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पास कोई विजन नहीं है और वह अपनी पार्टी के पूरी तरह सफाए के लिए जिम्मेदार होंगे। नवीन ने यह टिप्पणी कोलकाता में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च का नेतृत्व करते हुए की। मार्च में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

यह मार्च चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों के जवाब में भाजपा के देशव्यापी अभियान का हिस्सा था।

नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के टूलकिट का हिस्सा हैं, जो भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने ममता बनर्जी सरकार के कुशासन के खिलाफ जमकर बयान दिए थे, लेकिन अब दोनों एक ही मंच साझा कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी को अपनी गलतियों से सीखने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा नहीं करने पर आने वाले दिनों में देश में कांग्रेस का नाम लेने वाला कोई नहीं बचेगा।

नितिन नवीन ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले विपक्षी नेताओं की भी आलोचना की। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रैली में भागीदारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि रविवार को रामलीला मैदान में विपक्षी नेता चुनावी हार की हताशा में आंसू बहा रहे थे। देश की जनता उन्हें वैसा ही जवाब देगी, जैसा पश्चिम बंगाल की जनता ने दिया है। अब रोने से कोई फायदा नहीं है।

इंडी गठबंधन के दलों को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उन्हें कई राज्यों में चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अपने-अपने राज्यों में हारने वाले इंडी गठबंधन के नेता दिल्ली में एकजुट होकर रोने आए थे। उनके मुताबिक, बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) तथा बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को हार का सामना करना पड़ा है।

उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि अब यूपी की बारी है। भाजपा ने अखिलेश यादव को पहले भी हराया है और 2027 में भी हराएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में अराजक मानसिकता वाले लोग एकजुट हैं। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी से और दिल्ली की जनता ने राहुल गांधी से मुक्ति पा ली है।

भाजपा का यह मार्च मध्य कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट से शुरू होकर धर्मतल्ला तक निकाला गया। इसमें सैकड़ों भाजपा समर्थकों ने हिस्सा लिया। मार्च के दौरान नितिन नवीन, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य सबसे आगे राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलते नजर आए।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने देश के कई शहरों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए हैं। पार्टी ने विपक्षी दलों पर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने और अशांति पैदा करने का आरोप लगाया है। मार्च से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता देवजीत सरकार ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य विपक्षी दलों की ओर से देश में अराजकता फैलाने के प्रयासों का जवाब देना है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!