
DARBHANGA:- डीएम-एसएसपी ने किया वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण, 15 दिन में मरम्मत का निर्देश
दरभंगा, 31 अक्टूबर। जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सखी वन स्टॉप सेंटर (OSC), दरभंगा का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने केंद्र परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छता, आधारभूत संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और पीड़ित महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने परिसर और भवन में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर के भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य को 15 दिनों के भीतर पूरा कराने की समय-सीमा तय की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि तय अवधि में सभी कार्य पूरे किए जाएं।
डीएम ने कहा कि सेंटर में आने वाली पीड़ित महिलाओं को संवेदनशीलता, तत्परता और सम्मान के साथ सहायता दी जाए। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों। वहीं एसएसपी ने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस और वन स्टॉप सेंटर के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
वन स्टॉप सेंटर, दरभंगा महिलाओं को हिंसा और संकट की स्थिति में एक ही छत के नीचे चिकित्सीय सहायता, पुलिस सहायता, विधिक परामर्श, मनोवैज्ञानिक परामर्श और अस्थायी आश्रय जैसी समेकित सेवाएं प्रदान करता है।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी चाँदनी सिंह ने बताया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य केंद्र की कार्यप्रणाली और सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेना था, ताकि पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में सहायता मिल सके।
इस दौरान जिला परियोजना प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह, जिला मिशन समन्वयक ऋषि कुमार, केंद्र प्रशासक अजमतुन निशा समेत OSC के सभी कर्मी मौजूद थे।



