
बारिश के बाद मधुबनी में गुलाबी ठंड की दस्तक, लोगों ने निकाले स्वेटर-जैकेट
मधुबनी, 29 अक्टूबर। चक्रवात अर्नब के असर से आज सुबह से हो रही बारिश ने मधुबनी में मौसम पूरी तरह बदल दिया है। सुबह-शाम की सिहरन अब दिन में भी महसूस होने लगी है। मौसमी करवट के साथ गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है।
आज की बारिश के बाद पारा लुढ़क गया है। आलम ये है कि लोग स्वेटर, शॉल और जैकेट का सहारा लेने लगे हैं। बाइक चालकों ने हाफ स्वेटर और जैकेट निकाल लिए हैं, बच्चे गर्म कपड़े पहनकर स्कूल जा रहे हैं। संध्या होते ही महिलाओं को शॉल ओढ़े देखा जा रहा है। वहीं सुबह की धूप अब राहत भरी लगने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात के कारण 31 अक्टूबर तक बादल और बारिश का दौर जारी रहेगा, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी।
गर्म कपड़ों का बाजार गुलजार—
गुलाबी ठंड के साथ बाजार भी गर्म हो गया है। शहर की रेडीमेड दुकानों पर स्वेटर, मफलर, जैकेट और रजाई सज गए हैं। स्थानीय कारीगर रजाई बनाने में जुट गए हैं, रूई की खरीदारी जोरों पर है। ग्रामीण इलाकों में कंबल की खरीदारी शुरू हो गई है। चौक-चौराहों और फुटपाथी दुकानों पर गर्म कपड़ों की बिक्री तेज हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में शॉल-स्वेटर बेचने वाले फेरी वाले घूमने लगे हैं।
कीमतों में 10-15% की बढ़ोतरी—
बाजार में डबल लेयर रेडीमेड रजाई 2000 से 3000 रुपये, स्थानीय रजाई 800 से 1200 रुपये, कंबल 200 से 5000 रुपये, शॉल 150 से 500 रुपये, तोसक 800 से 1500 रुपये और मफलर 100 से 300 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। दुकानदारों के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस बार कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
सेहत का रखें ख्याल—
डॉक्टरों के अनुसार ठंड के इस शुरुआती दौर में सुबह और शाम ठंड ज्यादा रहती है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों में सर्दी, खांसी, बुखार और दांत दर्द के मामले बढ़ रहे हैं। गर्म कपड़ों की अनदेखी न करने की सलाह दी जा रही है।



