
चक्रवात अर्नब का असर : मधुबनी में बदला मौसम का मिजाज, बूंदाबांदी से लौटी हल्की ठंड
मधुबनी, 29 अक्टूबर। आंध्र प्रदेश के तट से टकराए चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब मधुबनी तक दिखने लगा है। सुबह से मधुबनी जिले में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी ने मौसम में तब्दीली ला दी है। इससे तापमान में गिरावट आई है। लोगों को हल्की ठंड का अहसास होने लगा है।
आंध्र से बिहार तक सफर
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात अर्नब 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट पर टकराया था, जहां इसने भारी तबाही मचाई। उसके बाद यह कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया और छत्तीसगढ़-ओडिशा-तेलंगाना होते हुए झारखंड और बिहार की ओर बढ़ गया।
26 जिलों में अलर्ट, मधुबनी भी शामिल
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बिहार के 26 जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, सहरसा, समस्तीपुर, पटना, गया सहित कई जिलों में 31 अक्टूबर तक मध्यम से भारी बारिश, 50 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
किसानों की बढ़ी चिंता
त्योहारी सीजन के बीच इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी फसल को हो रही बूंदाबांदी से नुकसान का खतरा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी-तूफान के दौरान खुले खेतों में न जाएं, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और अनावश्यक यात्रा से बचें।



