
MADHUBANI: बसुआरा में मां लक्ष्मी की प्रतिमा निर्माण के लिए निकली भव्य शोभायात्रा, मिट्टी पूजन के साथ शुरू हुई तैयारी
मधुबनी- 26 अक्टूबर। नगर निगम क्षेत्र के बसुआरा में लक्ष्मी पूजा समिति के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मां लक्ष्मी की भव्य प्रतिमा निर्माण को लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा का शुभारंभ बसुआरा स्थित लक्ष्मी मंदिर प्रांगण से हुआ, जो पूरे गांव का भ्रमण करते हुए बूढ़ानाथ महादेव मंदिर पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मिट्टी पूजन किया गया। इसी पावन मिट्टी से लक्ष्मी मंदिर प्रांगण में मां लक्ष्मी की भव्य दिव्य प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा।
ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘मां लक्ष्मी की जय’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं और महिलाओं ने भाग लिया।
समिति के अध्यक्ष कौशल किशोर मंडल ने बताया कि बसुआरा की लक्ष्मी पूजा पूरे मिथिला क्षेत्र में प्रसिद्ध है। यहां हर साल भव्य प्रतिमा का निर्माण कर पांच दिवसीय लक्ष्मी पूजन उत्सव मनाया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
तरुण राठौर ने कहा कि लक्ष्मी पूजन उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में साफ-सफाई और सजावट का कार्य जोर-शोर से शुरू कर दिया गया है। इस अवसर पर सचिव उपेन्द्र यादव, कोषाध्यक्ष भागीरथ पासवान, तरुण राठौड़, जीतू कुमार, पियूष कुमार, सोनू कुमार, आनंद मंडल सहित समिति के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



