
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा: 26 अक्टूबर तक बन सकता है सिस्टम, 5 दिन तक देशभर में भारी बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि 26 अक्टूबर तक पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान बनने जा रहा है, जिसके तीव्र होने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही अरब सागर और लक्षद्वीप पर बने एक अन्य कम दबाव के तंत्र के कारण देश के अधिकांश हिस्सों में अगले 6 दिन तक भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
बंगाल की खाड़ी वाले सिस्टम का असर:
IMD के अनुसार इस चक्रवात के प्रभाव से 27 और 28 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश होगी। 28 अक्टूबर को ओडिशा और तेलंगाना में भी भारी बारिश का अलर्ट है। ओडिशा में 28 को अत्यंत भारी वर्षा जबकि 27 और 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
अरब सागर वाले सिस्टम का असर – दक्षिण भारत में रेड अलर्ट:
अरब सागर की प्रणाली के चलते तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24-25 अक्टूबर को तथा केरल व माहे में 25-26 अक्टूबर को अत्यंत भारी बारिश होगी। लक्षद्वीप, तटीय व आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में 30 अक्टूबर तक 40-60 किमी/घंटा की तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: अंडमान-निकोबार: 24-27 अक्टूबर तक व्यापक वर्षा।
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल: 28 से 30 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश। झारखंड: 50-70 किमी/घंटा की थंडरस्क्वॉल का खतरा।
असम, मेघालय, नगालैंड,मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा: 28 से 30 अक्टूबर के बीच भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका।
उत्तर और मध्य भारत:
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 25 अक्टूबर को छिटपुट बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है।



