MADHUBANI:- घोड़े पर सवार होकर माता की विदाई यात्रा में चले पूर्व उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ, भक्तों ने किया भव्य स्वागत
मधुबनी- 21 अक्टूबर। नवरात्र की विसर्जन यात्रा इस बार बेहद खास और ऐतिहासिक रही। शहर की सड़कों पर जब माता दुर्गा की विशाल प्रतिमाओं के साथ विदाई यात्रा निकली तो इस यात्रा में सबसे आगे घोड़े पर सवार एक चेहरा सबका ध्यान अपनी ओर खींच रहा था। पूर्व उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ का। पारंपरिक वेश में घोड़े पर सवार होकर पूर्व मंत्री यात्रा का नेतृत्व करते हुए चल रहे थे। उनके आगे-आगे चलने से पूरी यात्रा में एक अलग ही उत्साह और जोश देखने को मिला। रास्ते में जगह-जगह खड़े श्रद्धालुओं ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया और माता के जयकारे लगाए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समीर कुमार महासेठ विसर्जन यात्रा में शामिल हो गए थे। कई किलोमीटर तक वह घोड़े पर सवार होकर यात्रा के आगे-आगे चलते रहे और व्यवस्था संभालते रहे। उनके इस अंदाज को देखकर युवाओं में काफी उत्साह था, कई युवा उनके साथ सेल्फी लेते भी नजर आए।
स्थानीय लोगों ने कहा कि समीर कुमार महासेठ हर धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। माता की विदाई यात्रा में घोड़े पर उनकी यह सवारी पुरानी परंपरा और राजसी ठाट-बाट की याद दिला रही थी।
पूरे शहर में देर शाम तक चली इस विसर्जन यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और नम आंखों से मां को विदाई दी।



