
मधुबनी शहर के स्टेशन चौक पर माता के भक्तों के लिए पेयजल स्टॉल
मधुबनी, 21 अक्टूबर। नवरात्र विसर्जन यात्रा के दौरान यात्रा में शामिल भक्तों के लिए शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर विशेष व्यवस्था की गई। शहर के स्टेशन चौक पर हनुमान प्रेम मंदिर समिति द्वारा पेयजल स्टॉल लगाया गया।
स्टॉल पर मंदिर समिति के कैलाश साह, अधिवक्ता विजय कुमार गुप्ता, संस्कार संस्कृति संरक्षण समिति के उपाध्यक्ष आदित्य नारायण गुप्ता, राजू कुमार राज सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
इस मौके पर कैलाश साह ने कहा कि मां दुर्गा के भक्तों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। विसर्जन यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्हें भीषण गर्मी में पानी की परेशानी न हो, इसलिए हर साल हमारी समिति द्वारा स्टेशन चौक पर शरबत और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाती है। यह सेवा मां के आशीर्वाद से ही संभव हो पाती है।
वहीं संस्कार संस्कृति संरक्षण समिति के उपाध्यक्ष आदित्य नारायण गुप्ता ने कहा कि विसर्जन यात्रा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और एकता का प्रतीक है। शहर के युवाओं में सनातन संस्कृति के प्रति जो उत्साह है, वह सराहनीय है। हमारी समिति हमेशा ऐसे धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहयोग करती रहेगी।



