
उत्तराखंड के मान्यता प्राप्त मदरसों में शुक्रवार के बजाय अब रविवार को होगा साप्ताहिक अवकाश, धामी सरकार का फरमान जारी
देहरादून- 21 अक्टूबर। उत्तराखंड में स्कूल के रूप में मान्यता प्राप्त मदरसों में अब शुक्रवार के बजाय रविवार को साप्ताहिक अवकाश होगा। राज्य सरकार ने इन संस्थानों को शिक्षा विभाग और उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बयान में कहा कि सरकार सभी बच्चों को समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। स्कूल के रूप में मान्यता प्राप्त मदरसों पर शिक्षा विभाग के नियम लागू होंगे और नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सरकार के अनुसार नई व्यवस्था के तहत अब तक 76 संस्थानों को स्कूल के रूप में मान्यता दी गई है, जबकि 114 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने बताया कि मान्यता प्राप्त संस्थानों में हरिद्वार के 44, ऊधमसिंह नगर के 24, देहरादून के छह और नैनीताल के दो संस्थान शामिल हैं।
सरकार ने उत्तराखंड मदरसा बोर्ड को समाप्त करने के बाद अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के लिए नई व्यवस्था लागू की है। पहले मदरसा बोर्ड से 452 मदरसे मान्यता प्राप्त थे। नई व्यवस्था के तहत संस्थानों को निर्धारित शैक्षिक मानकों के अनुरूप मान्यता लेनी होगी।
अल्पसंख्यक विभाग के सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते ने बताया कि राज्य में पहले चरण में 250 अवैध मदरसों को सील किया गया था। उनके अनुसार ये संस्थान मदरसा बोर्ड में पंजीकृत नहीं थे। इन संस्थानों में बाहरी राज्यों से बच्चों को लाकर पढ़ाए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।



