
BIHAR:- मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में 19.12 ग्राम स्मैक के साथ 1 गिरफ्तार
सीवान- 18 अक्टूबर। सीवान जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने 19.12 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बालचन्द हाता निवासी रंजीत कुमार, पिता उत्तम सिंह के रूप में हुई है।पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी भारत सोनी के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 17 अक्टूबर को मुफ्फसिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रंजीत कुमार स्मैक बेचने के लिए टेम्पू से सीवान की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छोटपुर बाइपास स्थित मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक टेम्पू को रोककर जांच की जा रही थी. पुलिस को देखकर टेम्पू से उतरा एक युवक इधर-उधर देखने के बाद भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने अपनी पहचान रंजीत कुमार के रूप में बतायी।
तलाशी के दौरान उसके पैंट की दाहिनी जेब से पीले प्लास्टिक में रखे 10 ग्राम तथा सफेद कागज की तीन बड़ी और चार छोटी पुड़ियों में रखे 9.12 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ बरामद किये गये। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 19.12 ग्राम है। इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 520/26 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी), 21(बी) और 22 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



