
भारत-नेपाल बॉर्डर पर SSB की दोहरी कार्रवाई, 216 लीटर नेपाली शराब बरामद, 1 तस्कर धराया
मधुबनी- 18 अक्टूबर। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करों के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। 48वीं वाहिनी, जयनगर के ‘एफ’ समवाय, मुख्यालय कमला की पेट्रोलिंग पार्टी ने 216 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से एक बाइक जब्त की गई है।
SSB की टीम सीमा स्तंभ संख्या 270/7 से लगभग एक किलोमीटर दूर भारतीय क्षेत्र में कमला ब्रिज के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार व्यक्ति को सामान लेकर आते देखा गया। तलाशी में उसके पास मौजूद नीले और सफेद थैलों से नेपाली देशी शराब ‘सोफी (गौरव)’ की 150 बोतलें (45 लीटर) बरामद हुईं। कमला नदी के किनारे कुछ अन्य लोग सिर पर शराब की बोरियां लेकर आ रहे हैं। जवानों को देखते ही वे बोरियां फेंककर नदी के दूसरी ओर भाग गए। फेंकी गई बोरियों की तलाशी लेने पर 570 बोतलें (171 लीटर) और बरामद हुईं। गिरफ्तार तस्कर की पहचान सुरेश कुमार (19), ग्राम मेघवारी, पोस्ट दुल्लीपट्टी, थाना जयनगर के रूप में हुई है।
पूछताछ में पता चला है कि शराब नेपाल के इनरवा स्थित दुकान से लाई जा रही थी और इसे दुल्लीपट्टी कॉलेज गेट तक पहुंचाना था। 48वीं वाहिनी के कमांडेंट ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।


