
आंध्र प्रदेश में सेवा पूर्ण कर मधुबनी लौट रहा साईं सेवा दल, प्रशांति निलयम में की 7 दिन सेवा
मधुबनी- 16 अक्टूबर। श्री सत्य साईं सेवा संगठन, मधुबनी की 60 सदस्यीय सेवा दल टीम आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्ती स्थित प्रशांति निलयम में 7 दिनों की सेवा पूर्ण कर आज मधुबनी के लिए रवाना हो गई है।
जिलाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि यह दल 1 अक्टूबर को मधुबनी से रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान सिकंदराबाद में रात्रि विश्राम के बाद टीम ने श्री मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और फिर पुट्टपर्ती पहुंचकर प्रशांति निलयम में सेवा कार्य में जुट गई।
7 दिनों तक सेवादल सदस्यों ने आश्रम परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, अनुशासन, भोजन व्यवस्था और स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा कार्यों में योगदान दिया।
जिलाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा कि सत्य साईं बाबा ने कहा था – मानव सेवा ही माधव सेवा है। सेवा ही सच्ची साधना है। हाथ जो सेवा में लगे हैं, वे प्रार्थना करने वाले होठों से अधिक पवित्र हैं।
उन्होंने बताया कि टीम के मधुबनी पहुंचने पर सभी सेवादल सदस्यों का अभिनंदन किया जाएगा।



