
सहकारी बैंक NPA को शून्य पर लाएं, ज्यादा से ज्यादा PACS से जुड़ें: मंत्री रामकृपाल यादव
पटना- 29 सितंबर। बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने सहकारी बैंकों को अधिक से अधिक पैक्स (PACS) से जोड़ने, डिजिटल रूप से सक्षम बनाने और ऋण वसूली में तेजी लाकर NPA को शून्य पर लाने का निर्देश दिया है। मंत्री मंगलवार को दी पाटलिपुत्र सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, पटना की वार्षिक आम सभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं, इसलिए इन्हें वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक के साथ कुशल सेवाप्रदाता के रूप में विकसित करना जरूरी है। बैंकिंग सेवाओं में डिजिटलीकरण तेजी से बढ़ाया जाए ताकि ग्राहकों को सरल और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें। मंत्री ने कहा कि सशक्त सहकारिता ग्रामीण विकास को गति देगी और 2047 तक विकसित बिहार के संकल्प को बल प्रदान करेगी।
बैंक की प्रगति रिपोर्ट—
बैंक के अध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में जमा राशि बढ़कर 533.31 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल से 15% ज्यादा है। पूंजी पर्याप्तता अनुपात 9.18% रहा, जो RBI मानकों से अधिक है। NPA 7.40% दर्ज किया गया।
इस मौके पर मंत्री ने शत-प्रतिशत खाता खोलने वाले पैक्सों को सम्मानित भी किया। बैठक में बैंक के प्रबंध निदेशक अंकित कुमार सहित निदेशक मंडल के सदस्य मौजूद रहे।



