
दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने PM मोदी से की मुलाकात, डेढ़ साल के विकास कार्यों की पुस्तिका भेंट की
नई दिल्ली- 29 सितंबर। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें पिछले करीब डेढ़ वर्ष में दिल्ली में हुए प्रमुख विकास कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों पर आधारित पुस्तिका भेंट की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार के कार्यों की रिपोर्ट वाली पुस्तिका पीएम को सौंपी।
गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री से प्रत्येक भेंट नई प्रेरणा देती है। उनका स्नेह और मार्गदर्शन राष्ट्रसेवा और जनसेवा के संकल्प को और दृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि पीएम का मार्गदर्शन ‘विकसित भारत’ के अनुरूप ‘विकसित दिल्ली’ के निर्माण के लिए और अधिक समर्पण से काम करने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बहुमूल्य समय देने के लिए आभार भी व्यक्त किया।



