
दिल्ली को 1,941 करोड़ की सौगात, गृह मंत्री शाह ने बारापुला फेज-3 और मुकरबा अंडरपास का किया उद्घाटन
नई दिल्ली- 29 सितंबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को दिल्ली को 1,941 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर फेज-3 और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन किया, जबकि मोदी मिल फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर कर रही काम—
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार के बेहतर समन्वय से राजधानी में आधुनिक और नागरिक-केंद्रित इंफ्रास्ट्रक्चर को गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं केवल सड़क, फ्लाईओवर और अंडरपास नहीं हैं, बल्कि लाखों दिल्लीवासियों के समय की बचत और बेहतर जीवन-स्तर से जुड़ी हैं। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले विकास परियोजनाएं ‘लटकी, अटकी और भटकी’ रहती थीं। समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद रामबीर सिंह बिधूड़ी और दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इन परियोजनाओं से क्या फायदा होगा—
1. बारापुला फेज-3 (10.9 KM): मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां होते हुए दक्षिण दिल्ली और AIIMS तक सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मिलेगी। इसमें 9 लूप बनाए गए हैं। पूर्वी दिल्ली और नोएडा से आने-जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
2. मुकरबा चौक अंडरपास:
बाहरी रिंग रोड पर दो वाहन अंडरपास और एक पैदल यात्री अंडरपास। रोजाना करीब 15,800 वाहनों को फायदा। बादली-रोहिणी से आजादपुर-जहांगीरपुरी जाने वालों को सीधा रास्ता मिलेगा।
3.मोदी मिल फ्लाईओवर विस्तार: मोदी मिल से कालकाजी और IIT गेट तक सिग्नल-फ्री आवागमन। नेहरू प्लेस, ग्रेटर कैलाश में जाम कम होगा।
4.सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर: आउटर रिंग रोड और GK-2 रोड पर दबाव कम करने के लिए नया समानांतर फ्लाईओवर।
5.लोनी रोड अंडरपास:* चार लेन का अंडरपास, जिससे लोनी और शाहदरा के बीच आवागमन सुगम होगा।



