
मधुबनी निगम के वार्ड 21 में विकास फेल: महादलित टोल की सड़क महीनों से जलमग्न, सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी बोले- यह दलितों के साथ अन्याय
मधुबनी- 29 सितंबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 में रेलवे 13 नंबर गुमटी के बगल से नवटोली चकदह महादलित टोल को जोड़ने वाली मुख्य सड़क महीनों से तालाब बनी हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी ने स्थलीय निरीक्षण के बाद नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, यह सड़क नहीं, बीमारी का घर बन गई है। यहां महादलित और अतिपिछड़ा वर्ग के 200 से अधिक परिवार रोज गुजरते हैं। महीनों से सड़क पर पानी और कीचड़ है, लेकिन नगर निगम आंख मूंद कर बैठा है। यह दलितों के साथ सरासर अन्याय है।
सबसे ज्यादा मार स्कूली बच्चों पर –
उन्होंने बताया कि सबसे दर्दनाक स्थिति बच्चों की है। कीचड़ के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। उन्हें 2 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। कई बच्चे फिसल कर गिर जाते हैं, किताबें- कपड़े खराब हो जाते हैं। कई मां-बाप ने तो बच्चों को स्कूल भेजना ही बंद कर दिया है। क्या यही सुशासन है?
जलजमाव से फैल रही बीमारी –
उन्होंने कहा कि जमा गंदा पानी सड़ कर बदबू दे रहा है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। पूरे टोल में डेंगू, मलेरिया और चर्म रोग का खतरा मंडरा रहा है। सड़क और नाली निर्माण के लिए नगर निगम को कई बार आवेदन दिया गया, पर निगम ने सुना नहीं। समाजसेवी सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी ने निगम प्रशासन से तत्काल पंपिंग सेट लगाकर पानी की निकासी। पूरे वार्ड में चूना-ब्लीचिंग और फॉगिंग, सड़क का ऊंचीकरण और दोनों तरफ पक्की नाली का निर्माण अविलंब शुरू करने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर समाधान नहीं हुआ तो महादलित परिवारों के साथ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।



