
नगर निगम के वार्ड 45 में प्रधानमंत्री आवास योजना में वसूली का आरोप, जांच की मांग
मधुबनी- 26 सितंबर। नगर निगम के वार्ड संख्या 45 में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के लाभुकों से नाजायज राशि वसूली का गंभीर आरोप सामने आया है।
वार्ड निवासी मो. अजमत उर्फ पन्ना ने इस मामले को लेकर जिलाधिकारी और नगर निगम आयुक्त से जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि योजना का लाभ दिलाने के नाम पर गरीब लाभुकों से मोटी राशि की अवैध वसूली की शिकायत मिल रही है।
मो. अजमत ने बताया कि वार्ड के कई पात्र लाभुकों ने उन्हें बताया कि आवेदन स्वीकृत कराने, जियो टैगिंग और किश्त जारी कराने के नाम पर उनसे पैसे की मांग की जा रही है। पैसे नहीं देने पर भुगतान लंबित रखने की धमकी दी जाती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 गरीबों को पक्का मकान देने के लिए है, लेकिन इसमें वार्ड के बिचौलिये और कुछ कर्मियों की मिलीभगत से भ्रष्टाचार हो रहा है। इससे वास्तविक लाभुकों का भुगतान नहीं हो रहा हैं। मो. अजमत उर्फ पन्ना ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और सभी लाभुकों को बिना किसी शुल्क के योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर सोमवार को जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को आवेदन सौंपेंगे।



