
मधुबनी के बेसहारा बुजुर्गों के लिए खुशखबरी, कलुआही में बनेगा 50 बेड का मां रुक्मिणी वृद्धाश्रम, 30 अक्टूबर को भूमिपूजन
मधुबनी- 26 सितंबर। जिले के बेसहारा बुजुर्गों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। कलुआही प्रखंड के बख्शी टोल में बेसहारा बुजुर्गों के लिए मां रुक्मिणी वृद्धाश्रम का निर्माण होने जा रहा है। इसका भूमिपूजन 30 अक्टूबर को किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए मां रुक्मिणी वृद्धाश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष मोद नारायण झा ने बताया कि प्रथम चरण में 50 बेड क्षमता वाले इस वृद्धाश्रम का निर्माण किया जाएगा। भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा और साल 2027 में इसे सेवा के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में कई बुजुर्ग अपने ही परिवार में उपेक्षा के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में उन्हें सम्मान, स्नेह और सुरक्षित आश्रय देना हम सभी का कर्तव्य है। वृद्धजनों की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता। इसी सोच के साथ ट्रस्ट ने इस वृद्धाश्रम की स्थापना का निर्णय लिया है।
अध्यक्ष ने बताया कि वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के रहने, खाने, स्वास्थ्य जांच, दवाइयों और मनोरंजन की पूरी व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी। यहां 24 घंटे देखभाल के लिए कर्मी तैनात रहेंगे। ट्रस्ट का उद्देश्य है कि कोई भी बुजुर्ग खुद को अकेला और असहाय महसूस न करे। इधर, वृद्धाश्रम के भूमिपूजन की घोषणा से समाजसेवियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।



