बिहार

सीएम की सत्ता पर कमजोर हो रही पकड़, कोर्ट की सख्ती से हुआ मंत्री का इस्तीफा: तारकिशोर प्रसाद

पटना- 03 सितम्बर। पूर्व डिप्टी सीएम और भाजपा विधायक तारकिशोर प्रसाद ने सीएम नीतीश पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की सत्ता पर पकड़ कमजोर होती जा रही है। भ्रष्टाचार और अवांछित तत्वों के विरुद्ध निर्णय लेने में हो रही देरी इस बात के सबूत हैं।

महागठबंधन की सरकार में राज्य के गन्ना मंत्री कार्तिकेय कुमार के इस्तीफा पर प्रतिक्रिया देते हुए तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि महागठबंधन की सरकार में मुख्यमंत्री के नए गठबंधन के साथियों के दबाव में हैं, जो स्पष्ट दिख रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गठन और मंत्रिमंडल विस्तार के लगभग 15 दिन के बाद कोर्ट की सख्ती के मद्देनजर 31 अगस्त को पहले आरोपित मंत्री का विभाग बदला गया और फिर इस्तीफा लिया गया। यदि कोर्ट की सख्ती नहीं होती, तो ऐसे मंत्री सरकार में अभी भी बने होते। वर्तमान मंत्रिमंडल में इसके अलावा भी अन्य कई मंत्रियों पर मुकदमे चल रहे हैं।

तारकिशोर ने कहा कि भाजपा के साथ शासन और सत्ता में रहने के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ऐसे फैसले लेने में कभी देर नहीं हुई। उनके ही पार्टी के तत्कालीन मंत्री मेवालाल चौधरी का मामला संज्ञान में आते ही इस्तीफा लिया गया था। उसके पूर्व भी अन्य मंत्रियों का नाम किसी मामले में आने पर तत्काल इस्तीफा लिया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने शुरू से ही भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कभी समझौता नहीं किया है और गठबंधन में रहते हुए भी इसका पूर्ण समर्थन किया है, परंतु इस बार महागठबंधन के साथ सरकार बनाकर मुख्यमंत्री के जीरो टॉलरेंस की हवा निकल गई है और राज्य सुशासन के मार्ग से भटक गया है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button