मधुबनी में कांग्रेस का “वोट बचाओ-देश बचाओ” अभियान तेज, कल समीक्षा बैठक में आएंगे AICC Observer जयसिंह अग्रवाल
मधुबनी, 27 अक्टूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी “वोट बचाओ-देश बचाओ” अभियान को मधुबनी जिले के दोनों संगठनात्मक जिलों- मधुबनी पूर्व एवं मधुबनी पश्चिम में बूथ और ग्राम स्तर तक पहुंचाने के लिए AICC द्वारा नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल 28 अक्टूबर को मधुबनी पहुंच रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मधुबनी पूर्व एवं मधुबनी पश्चिम के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं अभियान से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में दोनों संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों, वरिष्ठ पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, BLA, फ्रंटल संगठनों तथा अभियान से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी।
बैठक में अभियान की संगठनात्मक तैयारियों एवं अब तक की प्रगति की समीक्षा के साथ मतदाता सूची के सत्यापन, SIR से प्रभावित अथवा हटाए गए पात्र मतदाताओं की पहचान, “Vote Rakshak” पोर्टल के प्रभावी उपयोग, बूथ स्तर पर सत्यापन एवं कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।
साथ ही 25 अक्टूबर से प्रस्तावित “वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल” को दोनों जिलों में प्रभावी रूप से संचालित करने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा। ग्राम स्तर तक पहुंचकर प्रभावित मतदाताओं की जानकारी एकत्रित करने तथा मतदाता सूची के संबंध में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
AICC Observer जयसिंह अग्रवाल ने कहा है कि मताधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा कांग्रेस संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन के सभी स्तरों पर आपसी समन्वय के साथ अभियान को मजबूती प्रदान करें तथा इसे बूथ और गांव के स्तर तक पहुंचाएं।
जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर अभियान की सफलता में सक्रिय योगदान देने की अपील की है।



