
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात जवाद से मौसम में आया बदलाव,बढ़ेगी सर्दी
कानपुर- 05 दिसम्बर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात जवाद के साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इससे उत्तर प्रदेश के मौसम में बराबर बदलाव हो रहा है और बीते तीन दिनों से आसमान में बादल छाये हुए हैं। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सर्दी में अब बढ़ोत्तरी होगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि उत्तर पश्चिमी नम हवाओं और बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात जवाद के साथ पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय के कारण मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में गिरावट का सिलसिला भी शुरू हो गया है और आने वाले कुछ दिनों में तेजी से सर्दी बढ़ने की उम्मीद है। बताया कि दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर अक्षांश 13.4 उत्तर और देशांतर 86.4 पूर्व के पास विशाखापत्तनम से लगभग 580 किमी दक्षिण पूर्व में चक्रवात उठा है। चक्रवात के कारण निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है और इसके कारण आसमान पर हल्के बादल हो सकते हैं। यही नहीं, ताजा पश्चिमी विक्षोभ के भी रविवार शाम तक पश्चिमी हिमालय तक पहुंचने की उम्मीद है। यह धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ सकता है। इसके कारण हवा में नमी की मात्रा ज्यादा होने की उम्मीद है। यही शीतलहर का कारण है।



