
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का उनके ही संसदीय क्षेत्र में जमकर विरोध
समस्तीपुर- 04 सितम्बर। बिहार में मची राजनीति घमासान के बाद एक ओर जहां भाजपा राजद और जदयू के नेताओं पर लगातार वार कर रही है, वहीं भाजपा नेताओं को आम जन का विरोध भी झेलना पड़ रहा है। ताजा मामला बिहार के समस्तीपुर जिले से है, जहां केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सह उजियारपुर सांसद नित्यानंद राय का उनके अपने ही संसदीय क्षेत्र में रविवार को युवाओं ने जमकर विरोध किया।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सह नित्यानंद राय रविवार को मोहनपुर प्रखंड के रसलपुर स्थित हरदासपुर भेड़ाघाट का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान ताराधमौन के पास नित्यानंद को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। युवाओं ने नित्यानंद राय का विरोध करते हुए ‘नित्यानंद राय मुर्दाबाद, और ‘नित्यानंद राय गो बैक’ का जमकर नारा लगाया। इसके बाद नित्यानंद राय के सुरक्षा गार्डों ने विरोध कर रहे युवाओं को समझा-बुझाकर साइड कराने का प्रयास किया।
विरोध कर रहे युवाओं का कहना था कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री का विरोध लोकतांत्रिक तरीके से युवाओं के द्वारा किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि महनार मोहनपुर एनएच-122बी का निर्माण किया जाए। एयर बीएसएफ हेड कांस्टेबल में वंचित रखे गए ओबीसी को स्थान दिया जाए। इन सब के अलावा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के संबंध में एक ज्ञापन युवाओं के द्वारा सौंपा जाना था, जिसे भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके हाथों से ज्ञापन छीन लिया, जिसके विरोध में युवा आक्रोशित हो गये और नारेबाजी करने लगे। युवाओं ने बताया कि क्षेत्र के लिए कोई मंत्री ने केवल घोषणाएं की है काम नहीं किया गया है।



