
पटना शिक्षक MLC चुनाव में राजद के संजीव का परचम, भाजपा के दिग्गज नवल किशोर यादव का 30 साल पुराना किला ध्वस्त
पटना – 28 अक्टूबर। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से इस बार इतिहास बदल गया है। राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के कद्दावर नेता और विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता नवल किशोर यादव को शिकस्त देकर विधान पार्षद निर्वाचित हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि करीब तीन दशक से इस सीट पर नवल किशोर यादव का कब्जा था। शिक्षक राजनीति में उनकी पकड़ को अभेद्य किला माना जाता था, लेकिन इस बार शिक्षकों ने बदलाव का मन बना लिया था।
मतगणना के बाद देर रात करीब 3 बजे बांकीपुर गर्ल्स हाईस्कूल स्थित मतगणना केंद्र से बाहर निकलकर डॉ. संजीव कुमार ने खुद अपनी जीत का दावा किया। प्रथम वरीयता में ही उन्हें 1274 वोट मिले थे जबकि नवल किशोर यादव को 1242 वोट पर सिमटना पड़ा, और दूसरी वरीयता की गिनती में अंतर बढ़ता गया। अंतिम आंकड़े में करीब 900 वोटों के अंतर से जीत की बात सामने आ रही है। हालांकि अंतिम सरकारी घोषणा अभी बाकी है।।
इस जीत को भाजपा के लिए बड़ा झटका और राजद के लिए शिक्षक समुदाय में बड़ी सियासी बढ़त के तौर पर देखा जा रहा है। मतगणना के दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे की खबर भी आई थी, जिसके बाद IG और SSP को खुद केंद्र पर पहुंचना पड़ा था। डॉ. संजीव ने इसे ‘अधर्म पर धर्म की जीत’ बताया और कहा कि “शिक्षक समाज ने जवाब दे दिया है।”



