BIHAR:- दरभंगा LNMU सहित छह विश्वविद्यालयों के कुलपतियों पर कुलाधिपति की बड़ी कार्रवाई, नीतिगत और वित्तीय फैसले पर लगी रोक
पटना- 28 अक्टूबर। बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने राज्य के छह विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के अधिकारों पर बड़ी रोक लगा दी है। राजभवन की ओर से सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी गई।
राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने बताया कि जिन विश्वविद्यालयों के कुलपति का कार्यकाल निकट भविष्य में समाप्त होने वाला है, उन पर यह रोक लगाई गई है।
इन 6 विश्वविद्यालयों पर लगी रोक:
1. ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा (LNMU)
2. जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा (JPU)
3. भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा (BNMU)
4. आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना (AKU)
5. कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय, दरभंगा (KSDSU)
6. बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर (BRA Bihar University)
आदेश के अनुसार, अब यह कुलपति किसी भी प्रकार का नीतिगत निर्णय, नियुक्ति, स्थानांतरण, नई योजना शुरू करना या कोई भी ऐसा कार्य जिससे वित्तीय दायित्व उत्पन्न होता हो नहीं कर सकेंगे।
अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि यदि विशेष परिस्थिति में जनहित या कार्यहित में कोई निर्णय लेना अत्यंत आवश्यक हो, तो संबंधित कुलपति को पहले कुलाधिपति से पूर्वानुमति लेनी होगी, तभी वह निर्णय ले सकेंगे।
माना जा रहा है कि कार्यकाल के अंतिम दिनों में अक्सर होने वाली मनमानी नियुक्तियों और वित्तीय गड़बड़ियों को रोकने के लिए राजभवन ने यह कड़ा कदम उठाया है।



