[the_ad id='16714']

संसद की सुरक्षा में सेंध के आरोपित ललित झा की पुलिस हिरासत बढ़ी

नई दिल्ली- 22 दिसंबर। दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने संसद की सुरक्षा में सेंध के आरोपित ललित झा की पुलिस हिरासत 5 जनवरी 2024 तक बढ़ा दी है। आज ललित झा की पुलिस हिरासत खत्म हो रही थी जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। एडिशनल सेशंस जज हरदीप कौर ने पुलिस हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया।

आज ललित झा की पेशी के दौरान दिल्ली पुलिस ने 15 दिनों की पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग की। दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए ललित झा की हिरासत बढ़ाने की जरूरत है। कोर्ट ने ललित झा को 15 दिसंबर को आज तक की पुलिस हिरासत में भेजा था। ललित झा को 14 दिसंबर की रात को गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक ललित झा ने ही इस घटना को अंजाम देने के लिए योजना बनाई थी।

कोर्ट ने 21 दिसंबर को इस मामले के चार आरोपितों की पुलिस हिरासत 15 दिनों के लिए बढ़ाई थी। 14 दिसंबर को चारों आरोपितों को 21 दिसंबर तक की पुलिस हिरासत में भेजा था। कोर्ट ने नीलम, सागर शर्मा, डी. मनोरंजन और अमोल शिंदे को पुलिस हिरासत में भेजा था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने लखनऊ से जूते और मुंबई से कलर स्मॉग केन खरीदे थे।

दिल्ली पुलिस ने इन आरोपितों के खिलाफ यूएपीए की धारा 16ए के तहत एफआईआर दर्ज की है। 13 दिसंबर को संसद की विजिटर गैलरी से दो आरोपित सदन में कूदे। कुछ ही देर में एक आरोपित ने डेस्क के ऊपर चलते हुए अपने जूतों से कुछ निकाला और अचानक पीले रंग का धुआं निकलने लगा। इस घटना के बाद सदन में अफरातफरी मच गई।

हंगामा और धुएं के बीच कुछ सांसदों ने इन युवकों को पकड़ लिया और इनकी पिटाई भी की। कुछ देर बाद संसद के सुरक्षाकर्मियों ने दोनों युवकों को काबू किया। संसद के बाहर भी दो लोग पकड़े गए जो नारेबाजी कर रहे थे और पीले रंग का धुआं छोड़ रहे थे।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!