[the_ad id='16714']

रूस की चार दिवसीय यात्रा पर चीनी विदेश मंत्री, यूक्रेन युद्ध और पुतिन की बीजिंग यात्रा पर होगी चर्चा

बीजिंग/मॉस्को- 18 सितंबर। चीन के विदेश मंत्री वांग यी सोमवार से रूस की चार दिवसीय यात्रा कर रहे हैं। इस दौरान वे यूक्रेन युद्ध और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की बीजिंग यात्रा जैसे मुद्दों पर रूस के विदेश मंत्री व अन्य शीर्ष सत्तारूढ़ प्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे।

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने हाल ही में अपनी रूस यात्रा खत्म की है। इसके बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की चीन यात्रा को लेकर चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। चीन के विदेश मंत्री वांग यी चार दिवसीय यात्रा के दौरान रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के अलावा अन्य प्रमुख नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। चीनी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि चीन के विदेश मंत्री और सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के विदेशी मामलों के कार्यालय के प्रमुख वांग यी वार्षिक सुरक्षा वार्ता के लिए सुरक्षा परिषद सचिव निकोलाई पेत्रुशेव से मिलेंगे। इस यात्रा में दोनों देशों के बीच आपसी राजनीतिक विश्वास को गहरा करने की उम्मीद है।

चीनी विदेश मंत्री की यात्रा के दौरान यूक्रेन युद्ध, उत्तर कोरिया से रिश्तों और अक्टूबर में प्रस्तावित रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की चीन यात्रा को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है। वैसे अब तक पुतिन की चीन यात्रा की कोई पुष्टि नहीं हुई है। अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय से सैकड़ों यूक्रेनी बच्चों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के बाद से उनकी विदेश यात्रा करने की कोई जानकारी नहीं है।

पुतिन ने बीती एक सितंबर को कहा था कि उन्हें जल्द ही चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने की उम्मीद है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट रूप से पुष्टि नहीं की कि वह चीन की यात्रा करेंगे या नहीं। मार्च में मॉस्को की एक यात्रा के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पुतिन को तीसरे बेल्ट एंड रोड फोरम के लिए चीनी राजधानी की यात्रा का न्यौता दिया था। पुतिन ने 2017 और 2019 में चीन के पहले दो बेल्ट एंड रोड फोरम में भाग लिया था।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!