मधुबनी- 21 सितंबर। भारत नेपाल सीमा पर तैनात 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल पिपरौन कैम्प के एसएसबी जवानों ने भारत-नेपाल सीमा पर एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान उज्बेकिस्तान के मुखब्बत मुरोडोवा के रूप में बताया किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य आरक्षी अमर सिंह अन्य एसएसबी जवानों के साथ भारत-नेपाल सीमा स्थित पिपरौन कस्टम चेक पोस्ट पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी क्रम में वह विदेशी महिला भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिया, चूंकि वह महिला देखने से भारतीय नहीं लग रही थी। जिससे एसएसबी ने शक के आधार पर उक्त महिला को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के क्रम में महिला ने अपने मोबाइल में पासपोर्ट दिखाया। लेकिन इसी क्रम में एसएसबी ने उसके मोबाइल में एक अन्य पासपोर्ट भी देख लिया। दरअसल दोनों पासपोर्ट एक ही नाम का था, लेकिन पासपोर्ट नंबर व वैधता अलग अलग था। वहीं जब उक्त महिला ने अपना वीजा दिखाने से भी मना कर दी। 48वीं वाहिनी जयनगर कमांडेंट ने बताया कि दो अलग अलग संदिग्ध पासपोर्ट मिलने एवं वीजा नहीं दिखाने को लेकर उक्त विदेशी महिला को अग्रिम कार्रवाई हेतू हरलाखी थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। इस संबध में थानाध्यक्ष अनोज कुमार ने बताया गिरफ्तार विदेशी महिला को न्याय के हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
